जबलपुर। बरेला-मंडला मार्ग पर मनेरी स्थित पेट्रोलपंप में रविवार की देर रात 2.30 बजे हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने पेट्रोल पंप पर धावा बोलकर सनसनी फैला दी। बिना नंबर की गहरे नीले रंग की स्कॉर्पियो में सवार होकर पहुंचे छह-सात बदमाशों ने तमंचे और रिवाल्वर लहराते हुए कर्मचारियों को बंधक बना लिया। एक कर्मचारी की जेब से करीब 10 हजार रुपये छीनने के बाद बदमाश उसे जबरन ऑफिस के भीतर ले गए और कैश बॉक्स में रखे करीब 85 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए।
वारदात अतुलित फिलिंग स्टेशन पर रात करीब ढाई बजे हुई। उस वक्त पेट्रोल पंप पर कर्मचारी लखन सोयाम और अभिषेक पटेल ड्यूटी पर थे। अचानक बिना नंबर की स्कॉर्पियो पेट्रोल पंप पर आकर रुकी। कर्मचारी जैसे ही वाहन में पेट्रोल डालने के लिए आगे बढ़े, तभी उसमें से छह-सात नकाबपोश बदमाश हथियार लहराते हुए बाहर निकल आए।
अचानक बदमाशों ने दबोचा …….
हथियार देखकर कर्मचारी सहम गए। बदमाशों ने लखन सोयाम को पकड़ लिया और उसकी जेब में रखे करीब 10 हजार रुपये निकाल लिए। साथी कर्मचारी अभिषेक पटेल ने खतरा भांपते ही दीवार फांदी और मौके से भागकर अपनी जान बचाई।
इसके बाद बदमाश लखन को धमकाते हुए पेट्रोल पंप के ऑफिस तक ले गए। आरोपियों ने कांच के दरवाजे का लॉक तोड़ा और अंदर रखे कैश बॉक्स को निशाना बनाया। उसमें रखे करीब 85 हजार रुपये समेटे और हथियार लहराते हुए उसी स्कॉर्पियो में बैठकर फरार हो गए।
वारदात सीसीटीवी में कैद …………
पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में बदमाशों की पूरी करतूत रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में स्कॉर्पियो से उतरते हथियारबंद बदमाश और कर्मचारियों को धमकाने की घटनाएं कैद होने की बात सामने आई है। पुलिस अब इन्हीं फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी है।
वारदात की सूचना मिलते ही मनेरी पुलिस चौकी का बल और बीजाडांडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ सीसीटीवी फुटेज खंगाले और जिले के अन्य थाना क्षेत्रों को भी आरोपियों के हुलिए तथा वाहन की जानकारी भेजी। संभावित ठिकानों पर दबिश और संदिग्ध मार्गों पर निगरानी शुरू कर दी गई है।
आधी रात हथियारबंद बदमाशों की इस दुस्साहसिक वारदात से बरेला-मंडला मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।