जबलपुर। जबलपुर और कोलकाता के बीच प्रतीक्षित सीधी हवाई सेवा का शनिवार को विधिवत शुभारंभ हो गया। एलायंस एयर का एटीआर-72 विमान सुबह कोलकाता से उड़ान भरकर 9:20 बजे जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पहुंचा। इसके साथ ही महाकौशल क्षेत्र को पूर्वी भारत से सीधी हवाई कनेक्टिविटी मिल गई। डुमना विमानतल पर कोलकाता से आई पहली उड़ान का वाटर केनन सैल्यूट से स्वागत किया गया।
नई सेवा के शुभारंभ पर डुमना एयरपोर्ट को फूलों और बैनरों से सजाया गया था। सांसद आशीष दुबे के नेतृत्व में कोलकाता से आए यात्रियों और जबलपुर से कोलकाता जा रहे यात्रियों का आत्मीय स्वागत किया गया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद सांसद श्री दुबे और अन्य जनप्रतिनिधियों ने यात्रियों को बोर्डिंग पास और पुष्प गुच्छ देकर अभिनंदन किया और उन्हें नई उड़ान के लिए शुभकामनाएं दीं।
विमान सुबह कोलकाता से 7:05 बजे रवाना हुआ और 9:20 बजे जबलपुर पहुंचा। ठहराव के बाद यही विमान सुबह 10:00 बजे जबलपुर से कोलकाता के लिए रवाना हुआ और दोपहर 12:35 बजे कोलकाता पहुंचा।
क्षेत्र की लंबे समय की मांग पूरी……….
शुभारंभ अवसर पर सांसद आशीष दुबे ने कहा कि जबलपुर-कोलकाता सीधी उड़ान पूरे महाकौशल के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है।उन्होंने कहा कि, “लंबे समय से क्षेत्र के नागरिकों, बांग्लाभाषी समाज, छात्रों, व्यापारियों और उद्योग जगत की ओर से कोलकाता के लिए सीधी उड़ान की मांग की जा रही थी।
डुमना एयरपोर्ट से फिलहाल दिल्ली, मुंबई, इंदौर, बेंगलुरु और हैदराबाद के लिए उड़ानें संचालित हैं। सांसद आशीष दुबे ने कहा कि अब कोलकाता की उड़ान प्रारंभ होने से जबलपुर से पूर्वी भारत का भी सीधा गेटवे बन गया है।
सांसद श्री दुबे ने कहा कि इस विमान सेवा से कोलकाता में पढ़ने वाले छात्रों और इलाज के लिए जाने वाले मरीजों को सुविधा होगी वही जबलपुर के संगमरमर, कृषि उत्पादों और एम से एम ई को पूर्वी भारत के बाजारों तक सीधी पहुंच मिलेगी। उन्होंने कहा कि जबलपुर में बसे बांग्लाभाषी परिवारों के लिए यह उड़ान विशेष रूप से लाभदायक होगी।
सांसद आशीष दुबे ने इस सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नागरिक विमानन मंत्री किंजारापू राममोहन नायडू सहित एलायंस एयर का आभार जताते हुए कहा कि जबलपुर को देश के अन्य प्रमुख शहरों से जोड़ने के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।
17 यात्री आए, 28 ने भरी उड़ान…………..
सीधी विमान सेवा के पहले दिन कोलकाता से विमान सुबह करीब 9:35 बजे जबलपुर पहुंचा। विमान में कोलकाता से 17 यात्री जबलपुर पहुंचे थे। लगभग पूर्वान्ह 10 बजे विमान जबलपुर से कोलकाता के लिए रवाना हुआ जिसमें जबलपुर से 28 यात्री कोलकाता के लिए रवाना हुए।
सप्ताह में तीन दिन चलेगी उड़ान……….
रिलायंस एयरलाइंस की यह विमान सेवा सप्ताह में तीन दिन संचालित होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कोलकाता से विमान सुबह करीब 9:30 बजे जबलपुर के लिए उड़ान भरेगा और जबलपुर पहुंचने के बाद सुबह 10 बजे कोलकाता के लिए रवाना होगा।
ये रहे उपस्थित…………..
इस अवसर पर मध्य प्रदेश मेला एवं तीर्थ क्षेत्र प्राधिकरण के अध्यक्ष विनोद गोंटिया, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, विधायक अशोक रोहाणी और अभिलाष पांडे, जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन, निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, भाजपा ग्रामीण जिलाध्यक्ष राजकुमार पटेल, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी परांजपे, जिला पंचायत अध्यक्ष आशा मुकेश गोंटिया सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, बंग समाज के सुब्रत पाल प्रबुद्धजन, एलायंस एयर और एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारी उपस्थित थे।