जबलपुर। गोरखपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को महर्षि स्कूल के सामने एक यात्री बस ने पुलिस के डायल-112 वाहन को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में डायल-112 का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि वाहन के पायलट नीरज भार्गव घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घायल को अस्पताल पहुंचाया और बस सहित चालक को अपने कब्जे में ले लियाप्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोरखपुर थाने से डायल-112 वाहन बंदरिया तिराहा की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार यात्री बस ने पुलिस वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि डायल-112 का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में पायलट नीरज भार्गव के सिर, सीने, हाथ और पैर में चोटें आईं।दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बताया जा रहा है कि बस चालक ने घटनास्थल पर विवाद भी किया, जिससे कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस बल पहुंचा और चालक को हिरासत में लेकर बस जब्त कर थाने पहुंचा दिया।हादसे के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने यातायात व्यवस्था बहाल कर वाहनों की आवाजाही सामान्य कराई। मामले की जांच की जा रही है।