7 अगस्त को छिंदवाड़ा से मुख्यमंत्री शुरू करेंगे जन विश्वास अभियान, संभाग आयुक्त ने की तैयारी की समीक्षा, दिए निर्देश


जबलपुर। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर संभागायुक्त धनंजय सिंह ने संभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत आम जनता की शिकायतों का त्वरित निराकरण, शासकीय योजनाओं की मैदानी मॉनिटरिंग और समय-सीमा में लोक सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 7 अगस्त को छिंदवाड़ा जिले के प्रस्तावित प्रवास के दौरान जिला स्तरीय समाधान कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम सीएम हेल्पलाइन पोर्टल के माध्यम से संचालित किया जाएगा। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक प्रत्येक शुक्रवार संचालित होगा। भ्रमण स्थलों का चयन संबंधित जिला कलेक्टर करेंगे।संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि जिस क्षेत्र का भ्रमण प्रस्तावित हो, वहां की सीएम हेल्पलाइन, जन-सुनवाई और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित मामलों का निराकरण भ्रमण से पहले ही सुनिश्चित किया जाए। अधिकारियों को नियमित मैदानी निरीक्षण कर शिकायतों के त्वरित समाधान के निर्देश भी दिए गए।
समीक्षा बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग ने बताया कि छिंदवाड़ा विकासखंड में 68 शिकायतकर्ताओं से चर्चा कर 20 सीएम हेल्पलाइन और 6 जन-सुनवाई की शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण किया गया। जनजातीय कार्य विभाग ने 43 शिकायतकर्ताओं से संपर्क कर 13 मामलों का समाधान कराया, जबकि ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग ने 17 में से 14 शिकायतों का निराकरण कराया।
संभागायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि हर शुक्रवार किसी भी स्तर पर समीक्षा बैठक आयोजित नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी पूरे दिन मैदानी भ्रमण, निरीक्षण और जनसंवाद के माध्यम से अभियान को प्राथमिकता देंगे।
अभियान के दौरान नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, किसान फार्मर आईडी, आयुष्मान कार्ड, समग्र ई-केवाईसी, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, आंगनवाड़ी, स्वास्थ्य केंद्र, स्कूल-कॉलेज, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, खाद-बीज उपलब्धता, कानून-व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित 20 प्रमुख विषयों की मैदानी समीक्षा की जाएगी।