आज सावन का पहला सोमवार: ‘हर-हर महादेव’ से गूंजेगा संस्कारधानी का कण-कण

जबलपुर। सावन की रिमझिम फुहारों और हरियाली के बीच आज श्रावण मास का पहला सोमवार पूरे धार्मिक उल्लास और आस्था के साथ मनाया जाएगा। संस्कारधानी के प्रमुख शिवालय तड़के से ही श्रद्धालुओं की भीड़ से गुलजार हो जाएंगे। भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक, रुद्राभिषेक और विशेष श्रृंगार के साथ पूरा शहर “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से गूंज उठेगा श्रद्धालु उपवास रखकर भगवान शिव का पूजन करेंगे और परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य तथा अखंड सौभाग्य की कामना करेंगे। मान्यता है कि सावन में श्रद्धा से अर्पित एक बेलपत्र भी भगवान शिव को अत्यंत प्रिय होता है और भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करता है।

शहर के प्रमुख शिवालयों में विशेष आयोजन

गुप्तेश्वर महादेव मंदिर, कचनार सिटी, पाटबाबा मंदिर, पिंपलेश्वर महादेव, नर्मदेश्वर महादेव, श्री मंगलचंडी माता मंदिर तथा मदन महल स्थित श्री शारदा मंदिर सहित शहर के सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों पर विशेष पूजन-अर्चन, भजन-कीर्तन और श्रावणी मेलों का आयोजन होगा।
मदन महल की पहाड़ियों के बीच स्थित शारदा मंदिर का पारंपरिक श्रावणी मेला श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगा। यहां भक्त माता के दर्शन कर लाल ध्वज अर्पित करेंगे और प्राकृतिक सौंदर्य के बीच धार्मिक उल्लास का आनंद लेंगे।

10 अगस्त को निकलेगी भोलेनाथ की शाही सवारी

द्वितीय सावन सोमवार, 10 अगस्त को गुप्तेश्वर महादेव मंदिर से भगवान भोलेनाथ की भव्य शाही सवारी निकाली जाएगी। उज्जैन के महाकाल की तर्ज पर निकलने वाली यह शोभायात्रा गुप्तेश्वर से प्रारंभ होकर मदन महल, शास्त्री ब्रिज, बस स्टैंड, गंजीपुरा, बड़ा फुहारा, सराफा, कोतवाली होते हुए हनुमानताल पहुंचेगी। यात्रा में संत-महात्माओं के साथ हजारों श्रद्धालु शामिल होंगे।गुप्तेश्वर पीठाधीश्वर डॉ. स्वामी मुकुंद दास महाराज के अनुसार सावन भर भगवान भोलेनाथ का प्रतिदिन विशेष श्रृंगार किया जाएगा और विभिन्न धार्मिक आयोजन संपन्न होंगे।

आस्था के साथ संस्कृति का भी उत्सव

श्रावण मास केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और लोक परंपराओं का भी उत्सव है। मेहंदी, झूले, भजन-कीर्तन, श्रावणी मेले और शिव आराधना के बीच पूरा सावन श्रद्धा, उल्लास और प्रकृति के अनुपम सौंदर्य का संदेश देता है। आज पहले सावन सोमवार पर संस्कारधानी पूरी तरह शिवमय नजर आएगी।