जबलपुर। किस्मत जब साथ छोड़ दे तो अपराध का सबसे बड़ा राज भी पल भर में खुल जाता है। खमरिया थाना क्षेत्र में ऐसा ही हुआ, जब वाहन चेकिंग से बचने के लिए कार मोड़कर भाग रहे तस्कर की गाड़ी कीचड़ में धंस गई। कार निकालने की कोशिश नाकाम रही तो चालक वाहन चालू हालत में छोड़ जंगल के रास्ते फरार हो गया। पीछे पहुंची पुलिस ने कार की तलाशी ली तो डिक्की से करीब 20 किलो 433 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 10 लाख 21 हजार रुपये आंकी गई है।
खमरिया थाना प्रभारी राजकुमार खटीक के मुताबिक, गुरुवार देर रात अमझर घाटी में पुलिस की वाहन चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान शहर की ओर आ रही अल्टो कार (सीजी-04-एचबी-6745) का चालक पुलिस को देखकर अचानक गाड़ी मोड़कर भागने लगा। जल्दबाजी में कार सड़क किनारे कीचड़ में फंस गई। पुलिस को अपनी ओर आता देख चालक कार छोड़कर जंगल की तरफ भाग निकला।
पुलिस ने कार की तलाशी ली तो डिक्की में रखे नीले-सफेद थैले और दो प्लास्टिक की बोरियों में 10 पैकेट गांजा बरामद हुए। तौल कराने पर कुल वजन 20 किलो 433 ग्राम निकला। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 10 लाख 21 हजार 650 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार तस्कर की पहचान और गांजे की सप्लाई चेन का पता लगाने के लिए कार के रजिस्ट्रेशन और अन्य सुरागों के आधार पर जांच तेज कर दी गई है।