राष्ट्रीय एकता, पर्यावरण संरक्षण और सेवा का देंगे संदेश
जबलपुर। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ जबलपुर संस्कारधानी द्वारा 15 अगस्त को ‘तिरंगा यात्रा’ का आयोजन किया जा रहा है। यात्रा का उद्देश्य राष्ट्रध्वज के सम्मान, राष्ट्रीय एकता, अखंडता, पर्यावरण संरक्षण तथा सेवा भावना का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। इस अवसर पर क्लब के सदस्य अपने परिवारों सहित बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान के लिए रवाना होंगे।
क्लब अध्यक्ष रोटे मनीष बजाज, सचिव रोटे सचिन जैन एवं कोषाध्यक्ष रोटे सुनील जसवानी के नेतृत्व में लगभग 18 रोटेरियन अपने परिवारों के साथ इस विशेष यात्रा में शामिल होंगे। यात्रा में महिलाओं एवं बच्चों की सहभागिता इसे पारिवारिक एवं सामाजिक मूल्यों से जोड़ने का कार्य करेगी।
क्लब के पब्लिक इमेज चेयरमैन रोटे नितिन जैन ने बताया कि यह यात्रा केवल पर्यटन नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति और सामाजिक जागरूकता का अभियान है। बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान में तिरंगे के सम्मान के साथ जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं वन्यजीव संरक्षण का संदेश भी दिया जाएगा, ताकि प्रकृति के प्रति समाज की जिम्मेदारी को और मजबूत किया जा सके।
उन्होंने बताया कि रोटरी क्लब ऑफ जबलपुर संस्कारधानी सेवा कार्यों की अपनी परंपरा को लगातार आगे बढ़ा रहा है। इसी क्रम में क्लब 2 अगस्त को अपना 26वाँ स्थापना दिवस अनाथ आश्रम के बच्चों के साथ मनाएगा। इस अवसर पर बच्चों के साथ विभिन्न सेवा एवं स्नेहपूर्ण गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिससे जरूरतमंद बच्चों के बीच खुशियां बांटी जा सकें। क्लब का मानना है कि किसी भी उत्सव की वास्तविक सार्थकता सेवा, संवेदनशीलता और सामाजिक सहभागिता में निहित है।
तिरंगा यात्रा एवं स्थापना दिवस समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन को सफल बनाने में क्लब के पदाधिकारी एवं सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
रोटरी क्लब ऑफ जबलपुर संस्कारधानी ने नागरिकों से अपील की है कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रध्वज का सम्मान करें, जल एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लें तथा सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर सहभागी बनें।