रेलवे बोर्ड के महानिदेशक ने किया जबलपुर रेल मंडल का संरक्षा निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

जबलपुर। रेल संचालन में सुरक्षा मानकों को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से रेलवे बोर्ड के महानिदेशक (संरक्षा) हितेंद्र मल्होत्रा ने सोमवार को पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल का उच्चस्तरीय संरक्षा निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यकारी निदेशक संरक्षा (सिविल) राहुल श्रीवास्तव तथा पश्चिम मध्य रेल के प्रधान मुख्य संरक्षा अधिकारी मनोज गुरुमुखी भी मौजूद रहे।निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा, अपर मंडल रेल प्रबंधक दिनेश कुमार कलामे, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी अमित कुमार साहनी सहित मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने निरीक्षण दल का साथ दिया।

उच्चस्तरीय टीम ने सबसे पहले क्रू लॉबी का निरीक्षण कर लोको पायलट और ट्रेन मैनेजर की कार्यप्रणाली, ड्यूटी से पूर्व अनिवार्य ब्रेथ एनालाइजर जांच तथा सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इसके बाद रूट रिले इंटरलॉकिंग (आरआरआई) में सिग्नलिंग प्रणाली और संरक्षा तंत्र की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान कोचिंग डिपो में यात्री कोचों के तकनीकी रखरखाव, स्वच्छता और ब्रेक सिस्टम की जांच की गई। वहीं पीडब्ल्यूआई डिपो में ट्रैक रखरखाव के लिए उपलब्ध उपकरणों और सुरक्षा संसाधनों का मूल्यांकन किया गया। इसके अलावा जबलपुर रेलवे यार्ड में शंटिंग व्यवस्था, यार्ड संचालन और रेल पटरियों का भी बारीकी से निरीक्षण किया गयानिरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने रेल कर्मचारियों से संवाद करते हुए सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही उपलब्ध व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए संरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए।रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस तरह के नियमित निरीक्षणों का उद्देश्य रेल संचालन में उच्चतम सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित करना और यात्रियों को सुरक्षित एवं विश्वसनीय रेल सेवा उपलब्ध कराना है।