हाई कोर्ट के आदेश पर शताब्दीपुरम में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई, विरोध और तनाव के बीच 75 झुग्गियां हटीं


जबलपुर। अधारताल तहसील के  शताब्दीपुरम लक्ष्मीपुर आदि प्लाजा के पास विजय नगर क्षेत्र में गुरुवार को जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने जबलपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) की भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। हाई कोर्ट के आदेश के अनुपालन में करीब एक एकड़ सरकारी जमीन पर बनी लगभग 75 झुग्गियों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए और विरोध प्रदर्शन करते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात 0 परिवारों ने प्रशासन से कार्रवाई रोकने और पहले रहने की वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की।

प्रशासन ने बताई कार्रवाई की वजह

मौके पर मौजूद एसडीएम पंकज मिश्रा ने बताया कि संबंधित भूमि जबलपुर विकास प्राधिकरण की है, जिसे पूर्व में केसरवानी ट्रस्ट को आवंटित किया जा चुका है। इसके बावजूद करीब 75 परिवारों ने यहां अवैध रूप से झुग्गियां बनाकर कब्जा कर लिया था।

उन्होंने बताया कि अतिक्रमणकारियों को नियमानुसार पहले ही नोटिस जारी किए गए थे। हाई कोर्ट के निर्देशों के पालन में राजस्व, नगर निगम और पुलिस के संयुक्त अमले ने कार्रवाई की। प्रशासन का कहना है कि पूरी प्रक्रिया कानून के दायरे में और सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न कराई गई।

तनाव के बीच पूरी हुई कार्रवाई

विरोध और नाराजगी के बीच प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रखी। हालांकि मौके पर कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बनी रही, लेकिन पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में हालात नियंत्रित रहे। प्रशासन का कहना है कि न्यायालय के आदेशों का पालन करना उसकी कानूनी जिम्मेदारी है, जबकि प्रभावित परिवार पुनर्वास की मांग पर अड़े हुए हैं।