तड़के सियार का कहर, घरों में घुसकर सात लोगों को किया लहूलुहान

जबलपुर। सिहोरा क्षेत्र के कन्हाई देवरी गांव की इंदिरा कॉलोनी में गुरुवार तड़के उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक जंगली सियार रिहायशी बस्ती में घुस आया और अलग-अलग घरों में सो रहे लोगों पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में सात ग्रामीण घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, तड़के करीब 3:30 बजे जंगली सियार कॉलोनी में घुसा और घरों के भीतर सो रहे लोगों पर हमला बोल दिया। सियार के हमले में पुरुषोत्तम चौधरी (35), मंजू चौधरी (46), सुदर्शन चौधरी (45), रमित्री चौधरी (50), प्रीति चौधरी (30), रूपलाल चौधरी (50) और त्रिवेणी चौधरी (40) घायल हो गए। हमले में सभी के हाथ, कलाई, उंगलियों तथा आंख के पास गंभीर चोटें आई हैं।

घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने साहस दिखाते हुए लाठी-डंडों की मदद से सियार को बस्ती से बाहर खदेड़ दिया। इसके बाद सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस से सभी घायलों को सिहोरा के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटना पहले कभी नहीं हुई। पहली बार कोई जंगली जानवर घरों के अंदर घुसकर लोगों पर हमला कर गया है। घटना के बाद महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भय के साये में हैं।
ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि हमलावर सियार को जल्द से जल्द पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजा जाए। साथ ही गांव और आसपास के क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।