ट्रेनों में यात्रियों के लिए आफत बनीं 2 शातिर महिलाएं गिरफ्तार, खुलासा, 70 हजार के जेवर बरामद, पूछताछ में कबूले कई वारदात


जबलपुर। ट्रेनों में सफर कर रहे यात्रियों के बीच घुल-मिलकर उनके आभूषण और कीमती सामान पर हाथ साफ करने वाली दो शातिर महिलाओं को जीआरपी जबलपुर ने गिरफ्तार किया है। दोनों महिलाओं की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने तीन अलग-अलग चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए करीब 70 हजार रुपये मूल्य के चोरी के जेवर और अन्य सामान बरामद किए हैं। पुलिस का मानना है कि आरोपियों से पूछताछ में और भी कई वारदातों का खुलासा हो सकता है।
जीआरपी थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत ने बताया कि पुलिस के विशेष अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन जबलपुर के प्लेटफॉर्म क्रमांक-6 के कटनी छोर पर संदेह के आधार पर दो महिलाओं को हिरासत में लिया गया। महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में हुई पूछताछ में दोनों ने रेल यात्रियों के आभूषण चोरी करने की वारदातें स्वीकार कर लीं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रूप माली निवासी हिंडोलिया, जिला दमोह तथा रेखा माली निवासी धौरा, थाना जलखाऊँ, जिला ललितपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपी महिलाओं के कब्जे से एक जोड़ी चांदी की पायल, बिछिया, चांदी के पेंडेंट, चांदी जैसे सिक्के तथा चांदी जैसा ब्रेसलेट सहित कुल करीब 70 हजार रुपये मूल्य का चोरी का माल बरामद किया गया। बरामदगी के बाद पुलिस ने सभी सामान को विधिवत जब्त कर लिया है। जीआरपी अधिकारियों के अनुसार दोनों महिलाएं ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं और परिवारों को निशाना बनाती थीं। पुलिस अब इनके आपराधिक रिकॉर्ड के साथ-साथ अन्य जिलों और रेल मंडलों में दर्ज चोरी की वारदातों का भी मिलान कर रही है, ताकि इनके नेटवर्क और अन्य मामलों का खुलासा किया जा सके। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत सहित जीआरपी थाना स्टाफ और सीआईबी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।