1,500 रुपए की रिश्वत लेते बाबू रंगे हाथ गिरफ्तार

सिवनी। जबलपुर लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए उप तहसील उगली कार्यालय में पदस्थ बाबू कमलेश गनवीर को 1,500 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।लोकायुक्त पुलिस के अनुसार आवेदिका रीना ठाकरे (34) निवासी ग्राम सुरेखा खुर्द, पोस्ट जेवनारा, तहसील केवलारी, जिला सिवनी का पड़ोसी से विवाद हुआ था। इस मामले में थाना उगली द्वारा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 126(बी) एवं 135(3) के तहत इस्तगासा उप तहसील कार्यालय उगली में प्रस्तुत किया गया था।आरोप है कि ग्राम पौड़ी का कोटवार कमलेश गनवीर, जो उप तहसील कार्यालय उगली में बाबू का कार्य भी करता है, आवेदिका एवं उसके परिजनों का प्रकरण समाप्त कराने के एवज में 3,000 रुपए रिश्वत की मांग कर रहा था।आवेदिका ने इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक, लोकायुक्त कार्यालय जबलपुर से की। शिकायत के सत्यापन में आरोपी द्वारा 1,500 रुपए रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश एवं पुलिस उप महानिरीक्षक लोकायुक्त मनोज सिंह के मार्गदर्शन में लोकायुक्त टीम ने सोमवार को उप तहसील कार्यालय उगली में जाल बिछाया और आरोपी को 1,500 रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7, 13(1)(बी) एवं 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस ट्रैप कार्रवाई का नेतृत्व निरीक्षक रेखा प्रजापति ने किया। टीम में निरीक्षक शशिकला मर्सकोले सहित लोकायुक्त जबलपुर के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।