जबलपुर। ओवरनाइट ट्रेन में महिला यात्री के गले से मंगलसूत्र झपटकर फरार हुए बदमाश को जीआरपी जबलपुर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। रेलवे स्टेशन से ट्रेन छूटते ही हुई इस सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से खुलासा करते हुए आरोपी के कब्जे से 35,500 रुपये कीमत का लूटा गया सोने का माल बरामद कर लिया।पुलिस के अनुसार महिला यात्री जबलपुर से भोपाल जाने के लिए ओवरनाइट ट्रेन में सवार हुई थी। ट्रेन के स्टेशन से रवाना होते ही एक युवक अचानक उसके पास पहुंचा और गले से सोने का मंगलसूत्र झपटकर फरार हो गया। घटना के बाद जीआरपी थाना जबलपुर में मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की गई।पुलिस अधीक्षक रेल सुंदर सिंह कनेश के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेल भावना मरावी एवं पुलिस उप अधीक्षक रेल अंकिता सुल्या के मार्गदर्शन में जीआरपी थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने रेलवे स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से पड़ताल की, साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सोहित पिता कल्लू उर्फ शाहिद अंसारी (21) निवासी मक्का नगर, थाना हनुमानताल को हिरासत में लेकर पूछताछ की।पूछताछ में आरोपी ने झपटमारी की वारदात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक सोने का पेंडल एवं चार सोने की गुरिया, कुल 35,500 रुपये कीमत का लूटा गया माल बरामद कर लिया।आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।