जबलपुर। कभी-कभी एक छोटी-सी लापरवाही इतना बड़ा नुकसान करा देती है कि बाद में पछताने के अलावा कुछ नहीं बचता। रानीताल स्थित शराब दुकान के बाहर भी कुछ ऐसा ही हुआ। कार मालिक बीयर खरीदने के लिए कुछ मिनट के लिए दुकान में गया, लेकिन जब वापस लौटा तो बीयर तो मिल गई, कार नहीं मिली। जिस जगह कार खड़ी की थी, वहां सिर्फ खाली जगह बची थी।लार्डगंज थाना पुलिस के अनुसार कमानिया गेट निवासी संजय राहुल जैन रविवार रात अपनी सैंट्रो कार (एमपी-15-सीए-7087) से रानीताल क्षेत्र पहुंचे थे। उजारपुरवा में कार खड़ी कर वह बीयर खरीदने शराब दुकान में चले गए। जल्दबाजी में कार की चाबी भी वाहन में ही लगी छोड़ दी। बस, इसी चूक का फायदा किसी शातिर ने उठा लिया। कुछ ही मिनटों में अज्ञात युवक कार लेकर फरार हो गया।कार मालिक जब दुकान से बाहर आया तो वाहन गायब था। आसपास काफी तलाश और लोगों से पूछताछ की, लेकिन कार का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उसने लार्डगंज थाने पहुंचकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ वाहन चोरी का मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस का मानना है कि आरोपी ने कार में लगी चाबी देखकर मौके का फायदा उठाया और आसानी से वाहन लेकर निकल गया।
लापरवाही बनी चोरी की वजह
शहर में लगातार वाहन चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस लोगों से बार-बार अपील कर रही है कि वाहन छोड़ते समय चाबी कभी भी उसमें न छोड़ें। कुछ मिनटों की लापरवाही कई लाख रुपये का नुकसान करा सकती है। इस मामले में भी यही चूक कार मालिक पर भारी पड़ गई।