डीआरएम ने किया जबलपुर–पुणे सुपरफास्ट में ऑन-बोर्ड निरीक्षण; 47 बेटिकट यात्री पकड़े

जबलपुर | रेलवे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के दावों की हकीकत परखने के लिए रविवार को जबलपुर रेल मंडल के डीआरएम कमल कुमार तलरेजा खुद जबलपुर–पुणे वीकली सुपरफास्ट एक्सप्रेस में सवार हुए। उन्होंने जबलपुर से इटारसी तक ट्रेन में सफर करते हुए कोचों का बारीकी से निरीक्षण किया और यात्रियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव भी जाने।निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने कोचों की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, शौचालयों की स्वच्छता, पंखे, लाइट और अन्य विद्युत उपकरणों की कार्यशीलता की जांच की। इसके अलावा बेडरोल और कंबलों की गुणवत्ता, फायर सेफ्टी उपकरण, इमरजेंसी एग्जिट तथा सुरक्षा इंतजामों का भी जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि यात्री सुविधाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर शिकायत का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान रेलवे सुरक्षा बल और अन्य विभागों के अधिकारियों ने अनाधिकृत यात्रियों एवं संदिग्ध सामान की भी जांच की। इसी अभियान के साथ वाणिज्य विभाग ने विशेष टिकट जांच अभियान चलाया, जिसमें बिना टिकट और अनियमित यात्रा करते मिले 47 यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई से रेलवे को 44,360 रुपए का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त हुआ।रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण यात्रा उपलब्ध कराने के लिए ऐसे ऑन-बोर्ड निरीक्षण और विशेष जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।