डिवाइडर से टकराकर पलटा सीमेंट से भरा ट्रक चालक-क्लीनर ने कूदकर बचाई जान

जबलपुर। सिहोरा बायपास पर सोमवार दोपहर एक तेज रफ्तार ट्रक की लापरवाही बड़ा हादसा बनते-बनते रह गई। पीछे से आए ट्रक की जोरदार टक्कर के बाद सीमेंट से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराया और फिर बीच सड़क पर पलट गया। हादसे के दौरान चालक और क्लीनर ने समय रहते ट्रक से छलांग लगा दी, जिससे उनकी जान बच गई। ट्रक पलटते ही सीमेंट की बोरियां सड़क पर बिखर गईं और बायपास पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।पुलिस के अनुसार मैहर से सीमेंट लोड कर ट्रक चालक अब्दुल रहमान छिंदवाड़ा जा रहा था। उसके साथ क्लीनर मनोज यदुवंशी भी मौजूद था। दोपहर करीब दो बजे सिहोरा बायपास पर पीछे से आए एक ट्रक ने उसके वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चालक ट्रक पर नियंत्रण नहीं रख सका। ट्रक डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क के बीचोंबीच पलट गया।

हादसे के बाद सड़क पर सीमेंट की बोरियां बिखर गईं, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन बुलाकर क्षतिग्रस्त ट्रक को सड़क से हटवाया। बिखरे हुए सीमेंट के कट्टों को किनारे कराने के बाद यातायात सामान्य कराया जा सका।हादसे में ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि चालक और क्लीनर बाल-बाल बच गए। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।