जबलपुर। गन कैरिज फैक्ट्री (जीसीएफ) में प्रस्तावित कार्य समिति चुनाव-2026 को लेकर चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में मजदूर संघ हथौड़ा एवं इंटक के संयुक्त बैनर संयुक्त मजदूर कर्मचारी मोर्चा ने मंगलवार को आयोजित एक कार्यक्रम में अपने प्रत्याशियों की घोषणा की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कर्मचारियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता मजदूर संघ हथौड़ा के अध्यक्ष विनय गुप्ता ने की। उन्होंने कहा कि संयुक्त मजदूर कर्मचारी मोर्चा हमेशा कर्मचारियों के अधिकारों, न्याय और कल्याण के लिए संघर्ष करता रहा है तथा भविष्य में भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कर्मचारियों की आवाज़ बनकर कार्य करेगा।
संयुक्त मोर्चा ने क्षेत्रवार प्रत्याशियों की सूची जारी करते हुए क्षेत्र क्रमांक-1 से राहुल गुप्ता, 2 से अमित चंदेल, 3 से राजेंद्र वर्मा, 4 से रोहित यादव, 5 से देवेंद्र भदौरिया, 6 से पार्थ ओझा, 7 से सिद्धार्थ ठाकुर, 8 से बीरबल सिंह, 9 से हिमांशु कुमार तथा 10 से राजा पांडे को उम्मीदवार घोषित किया।
इस अवसर पर जेसीएम काउंसिल के सचिव उत्तम विश्वास ने दावा किया कि कर्मचारी लगातार चौथी बार भी संयुक्त मजदूर कर्मचारी मोर्चा को भारी बहुमत से विजयी बनाकर कार्य समिति में भेजेंगे। उन्होंने सभी कर्मचारियों से मोर्चा के प्रत्याशियों के समर्थन में मतदान करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में आईआर सदस्य विवेक शुक्ला ने सभी घोषित प्रत्याशियों का स्वागत करते हुए उन्हें चुनाव के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने एकजुट होकर चुनाव लड़ने और संयुक्त मोर्चा को विजयी बनाने का संकल्प दोहराया।