जबलपुर। स्वर्गीय दादा ईश्वरदास रोहाणी की 80वीं जयंती पर मंगलवार को विभिन्न सामाजिक एवं सेवा कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विधायक अशोक रोहाणी ने दादा रोहाणी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि वे दादा ईश्वरदास रोहाणी के बताए मार्ग पर सदैव चलते हुए पीड़ित मानवता की सेवा के लिए समर्पित रहेंगे। जयंती के अवसर पर पीएम श्री महाकौशल महाविद्यालय, सिविल लाइंस में सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक विशाल रक्तदान शिविर एवं रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं ने रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए योगदान दिया। मेडिकल कॉलेज जबलपुर, विक्टोरिया अस्पताल एवं रानी दुर्गावती चिकित्सालय (एल्गिन) के सहयोग से अधिक से अधिक यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया। वहीं गोल्डन हार्ट हॉस्पिटल के डॉ. पुष्पराज पटेल एवं उनकी टीम द्वारा रक्तचाप, शुगर सहित स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। रोजगार मेले में युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर दादा ईश्वरदास रोहाणी सेवा समिति ने नई पहल करते हुए ‘गौरव शिखर सम्मान-2026’ आयोजित करने की घोषणा की। समिति के अनुसार यह सम्मान समारोह 1 जुलाई 2026 को अपराह्न 3:30 बजे मानस भवन, राइट टाउन, जबलपुर में आयोजित होगा। समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को 12 श्रेणियों में सम्मानित किया जाएगा।
सम्मान की श्रेणियों में शिक्षा (ज्ञान ज्योति), समाज सेवा (कर्मयोगी), महिला सशक्तिकरण (नारी शक्ति), संस्कृति एवं कुटुंब प्रबोधन (संस्कार), युवा प्रेरणा (युवा गौरव), आचार्य एवं वैदिक विद्वान (सनातन ज्ञान), उद्योग एवं उद्यमिता (उद्योग गौरव), चिकित्सा एवं स्वास्थ्य (संजीवनी), पत्रकारिता (कलम वीर), सेवानिवृत्त अधिकारी (वीरता), विधि क्षेत्र (विधि सेवा) तथा न्याय क्षेत्र (न्याय रत्न) गौरव शिखर सम्मान प्रदान किए जाएंगे।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मोहन यादव की उपस्थिति प्रस्तावित है। कार्यक्रम की अध्यक्षता हरविंदर सिंह वंद्रा करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जगदीश देवड़ा एवं राकेश सिंह उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर डॉ सुनील मिश्रा, आशीष राव, सौरभ गोयल, सचिन जैन सहारा, संजय जैन, अजय पदम, श्रीमति पुष्पा तिवारी, श्रीमति दुर्गा मिश्रा आदि उपस्थित रहे ।