जबलपुर। सेवा, समर्पण और जनकल्याण के पर्याय रहे दादा ईश्वरदास रोहाणी की पुण्य स्मृति में एक भव्य एवं गरिमामय आयोजन “गौरव शिखर सम्मान 2026” के रूप में आयोजित किया जा रहा है। इस संबंध में आयोजित पत्रकार वार्ता में आयोजन समिति के डॉक्टर सुनील मिश्रा ने बताया कि मानस भवन में 1 जुलाई को अपरान्ह 3.30 बजे से कार्यक्रम आयोजित किया गया है|
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता लेफ्टिनेंट जनरल हरविंदर सिंह बैंस द्वारा की जाएगी। साथ ही विशिष्ट अतिथि के रूप में जगदीश देवड़ा (उप मुख्यमंत्री) एवं राकेश सिंह (मंत्री, लोक निर्माण विभाग) की उपस्थिति रहेगी।
उन्होंने बताया कि दादा ईश्वरदास रोहाणी ने अपने जीवनकाल में राजनीति, समाज सेवा, स्वास्थ्य एवं जनहित के विविध क्षेत्रों में अनुकरणीय कार्य किए। विशेष रूप से पीड़ित मानवता की सेवा हेतु उन्होंने प्रतिवर्ष अपने जन्मदिवस पर विशाल स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया, जिनमें जटिल से जटिल सर्जरी भी निःशुल्क कराई जाती थीं। उनके इन प्रयासों में शासकीय एवं निजी चिकित्सालयों का सराहनीय सहयोग रहा। साथ ही उन्होंने जबलपुर में रक्तदान के प्रति व्यापक जनजागरण करते हुए प्रतिवर्ष हजारों यूनिट रक्तदान करवाकर एक सशक्त सामाजिक अभियान को जन्म दिया।
उनके देवलोक गमन के पश्चात भी उनके सेवा कार्यों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए उनके पुत्र विधायक अशोक रोहाणी द्वारा निरंतर जनसेवा के कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आयोजन समिति ने इस वर्ष एक नई पहल करते हुए दादा ईश्वरदास रोहाणी की स्मृति में “गौरव शिखर सम्मान 2026” आयोजित करने का निर्णय लिया है।
इस अवसर पर कुल 12 विशिष्ट क्षेत्रों—शिक्षा, समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण, संस्कृति एवं कुटुंब प्रबोधन, युवा प्रेरणा, सनातन ज्ञान, उद्योग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, पत्रकारिता, सेवानिवृत्त सेवा, विधि एवं न्याय—में उल्लेखनीय कार्य करने वाली विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा।
आयोजन समिति के सदस्य डॉ. जितेंद्र जामदार, डॉ. राजेश धीरावाणी, डॉ. स्वाति गोडबोले, रवि गुप्ता, चैतन्य भट्ट, अजय ग्रोवर, संदीप विजन, रजनीत जैन, पंकज गोयल, अनिल नंदवानी, सौरभ बड़ेरिया, एड. सुमित रघुवंशी, अरुण अग्रवाल ‘अज्जू’ एवं आयोजन सचिव डॉ. सुनील मिश्र ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत भजन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं दीप प्रज्वलन के साथ होगी, जिसके पश्चात सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। पत्रकार वार्ता में संरक्षक विधायक अशोक रोहाणी एवं सचिन जैन (सहारा) भी उपस्थित रहे।