चलती ट्रेन में लूटपाट करने वाले गिरोह के  दो आरोपी व एक अपचारी बालक गिरफ्तार

सतना। जीआरपी जबलपुर एवं जीआरपी/आरपीएफ सतना की संयुक्त टीम ने चलती ट्रेन में मोबाइल, पर्स एवं नगदी छीनने वाले गिरोह का महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश करते हुए दो शातिर आरोपियों एवं एक अपचारी बालक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया पूरा मशरूका भी बरामद कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार थाना जीआरपी सतना में अपराध क्रमांक 090/2026 धारा 309(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। फरियादी चंदन मिश्रा निवासी जौनपुर (उत्तर प्रदेश) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 20 जून 2026 को शाम करीब 6 बजे ट्रेन संख्या 12168 वाराणसी-एलटीटी एक्सप्रेस के जनरल कोच में सतना आउटर के पास तीन अज्ञात युवकों ने उसका मोबाइल फोन, पर्स एवं नगदी छीन ली थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रेल पुलिस अधीक्षक जबलपुर सुंदर सिंह कनेश के निर्देशन तथा उप पुलिस अधीक्षक रेल जबलपुर एवं कटनी के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर तंत्र की सहायता ली। साथ ही फरियादी को पूर्व में गिरफ्तार शातिर अपराधियों के फोटोग्राफ दिखाए गए, जिनमें उसने आरोपियों की पहचान कर ली।
फरियादी की पहचान एवं मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर चौकी प्रभारी जीआरपी सतना उप निरीक्षक राजेश राज तथा आरपीएफ पोस्ट सतना प्रभारी निरीक्षक वीरेन्द्र यादव के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान सूरज साकेत उर्फ गोलू साकेत (28 वर्ष) एवं कृष्ण पाल साकेत उर्फ छोटा गोलू (24 वर्ष) सहित एक अपचारी बालक को हिरासत में लिया गया।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी शातिर अपराधी हैं, जिनके विरुद्ध जीआरपी सतना एवं सिटी कोतवाली सतना में पूर्व से कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। आरोपियों के कब्जे से फरियादी का रियलमी 10 प्रो 5जी मोबाइल फोन, नगद 200 रुपये तथा अपचारी बालक के पास से पर्स एवं पैन कार्ड बरामद कर जब्त किए गए हैं।
रेल पुलिस एवं आरपीएफ की इस संयुक्त कार्रवाई से घटना के मात्र 24 घंटे के भीतर आरोपियों को माल समेत गिरफ्तार कर मामले का सफल खुलासा किया गया। इस कार्रवाई में जीआरपी, आरपीएफ एवं आरआईबी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मामले की अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।