रोटरी क्लब  संस्कारधानी द्वारा 28 जून को विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य, जाँच एवं परामर्श शिविर का आयोजन

जबलपुर। रोटरी क्लब ऑफ जबलपुर संस्कारधानी अपने रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार, 28 जून 2026 को ग्राम मनियारी खुर्द, मझौली रोड स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय में विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य, जाँच एवं परामर्श शिविर आयोजित करने जा रहा है।शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किया जाएगा। साथ ही एलोपैथी, आयुर्वेद एवं फिजियोथेरेपी सेवाओं के माध्यम से रोगियों का परीक्षण किया जाएगा। स्वास्थ्य जाँच के साथ आवश्यक दवाओं का भी निःशुल्क वितरण किया जाएगा। यह शिविर विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ शिविर में जल एवं पर्यावरण संरक्षण विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर पौधारोपण कार्यक्रम के साथ जल संरक्षण एवं वर्षा जल संग्रहण के विशेषज्ञों द्वारा क्षेत्र के किसानों एवं ग्रामीणजनों को वर्षा ऋतु के जल का प्रभावी संग्रहण एवं संरक्षण करने के उपायों की जानकारी दी जाएगी। विशेषज्ञों द्वारा भू-जल स्तर संवर्धन, जल संसाधनों के समुचित प्रबंधन तथा कृषि कार्यों में जल के बेहतर उपयोग संबंधी महत्वपूर्ण मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा।
शिविर का आयोजन प्रातः 9:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक किया जाएगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में चिकित्सक, स्वास्थ्य विशेषज्ञ एवं पर्यावरण संरक्षण क्षेत्र के जानकार अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे।
क्लब अध्यक्ष रोटे अरुण गुप्ता, सचिव रोटे अभिषेक अग्रवाल एवं कार्यक्रम संयोजक रोटे संत कुमार पटैल ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस निःशुल्क स्वास्थ्य एवं जनजागरूकता अभियान का लाभ उठाने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि यह स्वास्थ्य शिविर अपोलो हॉस्पिटल एवं मेट्रो हॉस्पिटल के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य परामर्श एवं उपचार सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगी।