राष्ट्रपति के साथ योग करेगा जबलपुर। राष्ट्रीय मंच पर चमकेगी संस्कारधानी । प्रदेश का सबसे बड़ा योग आयोजन

जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर आज  रविवार को राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का केंद्र बनने जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर देश की प्रथम नागरिक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की मौजूदगी में सदर स्थित गैरिसन ग्राउंड में प्रदेश स्तरीय मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर पूरा शहर सज-धज कर तैयार हो चुका है। गैरिसन ग्राउंड को विशेष रूप से आकर्षक स्वरूप दिया गया है, जहां हजारों लोग एक साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश देंगे।

राष्ट्रपति के आगमन के साथ ही पूरे देश की नजर जबलपुर पर रहेगी। एक ओर जहां गैरिसन ग्राउंड में योग दिवस का भव्य आयोजन होगा, वहीं दूसरी ओर रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के 36वें दीक्षांत समारोह में भी राष्ट्रपति शामिल होंगी। ऐसे में रविवार का दिन जबलपुर के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण माना जा रहा है।

 योग के रंग में रंगा गैरिसन ग्राउंड………

सदर स्थित विशाल गैरिसन ग्राउंड को योग दिवस आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार कर लिया गया है। मंच, वीआईपी गैलरी, प्रतिभागियों के बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा बैरिकेडिंग, चिकित्सा सुविधाएं और पार्किंग सहित सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है। मैदान में हजारों लोगों के सामूहिक योगाभ्यास के लिए विशेष मार्किंग की गई है ताकि कार्यक्रम सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

राष्ट्रपति सुबह करीब 7:20 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगी और 7:30 बजे से आयोजित राज्य स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। उनके साथ राज्यपाल मंगूभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

 देश को जाएगा स्वास्थ्य और योग का संदेश……..

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का सीधा संदेश स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है। राष्ट्रपति की मौजूदगी कार्यक्रम को राष्ट्रीय महत्व प्रदान कर रही है। योगाभ्यास के माध्यम से नागरिकों को शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाएगा। प्रशासन का दावा है कि यह आयोजन प्रदेश के सबसे बड़े योग कार्यक्रमों में शामिल होगा।

 हाईअलर्ट पर पूरा शहर, 3000 से ज्यादा जवान तैनात………

राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए जबलपुर में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। डुमना एयरपोर्ट से लेकर सर्किट हाउस, गैरिसन ग्राउंड और रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय तक पूरे वीवीआईपी रूट पर सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। करीब 3000 से अधिक पुलिस और सुरक्षा जवान ड्यूटी पर लगाए गए हैं।

सुरक्षा एजेंसियों ने कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों की कई बार जांच की है। बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वॉड, विशेष सुरक्षा दल और खुफिया एजेंसियां लगातार निगरानी कर रही हैं।

15 किलोमीटर तक नो-फ्लाई जोन…….

राष्ट्रपति के प्रवास के मद्देनजर डुमना एयरपोर्ट, सर्किट हाउस, गैरिसन ग्राउंड, रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय और पूरे वीवीआईपी रूट के 15 किलोमीटर क्षेत्र को नो-फ्लाई जोन घोषित किया गया है। इस दौरान ड्रोन, यूएवी, पैराग्लाइडिंग, हॉट एयर बैलून, पतंग और अन्य उड़ने वाली वस्तुओं के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

योग दिवस के बाद दीक्षांत समारोह में होंगी शामिल……

योग दिवस कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय पहुंचेंगी, जहां वे विश्वविद्यालय के 36वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर विद्यार्थियों को उपाधियां और स्वर्ण पदक प्रदान करेंगी। इसके बाद दोपहर में वे विशेष विमान से ग्वालियर के लिए रवाना हो जाएंगी।

राष्ट्रपति के दौरे, योग दिवस, दीक्षांत समारोह और री-नीट परीक्षा के कारण रविवार को जबलपुर पूरी तरह हाईअलर्ट मोड पर रहेगा। प्रशासन का मानना है कि यह आयोजन न केवल शहर की प्रतिष्ठा बढ़ाएगा, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर जबलपुर की पहचान को भी नई मजबूती देगा।