चाकू के वार से घायल 13 साल के जॉनसन ने दम तोड़ा, रांझी क्षेत्र में दोस्तों के बीच विवाद बना हत्याकांड, 2 नाबालिग गिरफ्तार


जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में दोस्तों के बीच हुआ एक मामूली विवाद 13 वर्षीय किशोर की मौत के साथ दर्दनाक हत्याकांड में बदल गया। गंगा मैया क्षेत्र निवासी जॉनसन पिल्ले पर कथित रूप से दो नाबालिग लड़कों ने चाकू से हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल जॉनसन ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है, जबकि पुलिस ने मामले में दो नाबालिगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इस मामलें में मृतक की बहन ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो अपलोड कर पुलिस और निजी अस्पताल पर लापरवाही बरतने के गंभीर आरोप लगाए है| मृतक की बहन का कहना है कि सिटी अस्पताल में डाक्टर उपलब्ध नहीं थे| समय रहते उसे समुचित इलाज के लिए रिफर नहीं किया गया| लिहाजा उसके नाक, मुंह से खूने आने लगा और ब्रेन डेड हो गया और अंतत: उसकी मौत हो गई| मृतक की बहन का आरोप है कि पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा और दूसरे को नाबालिग कहकर छोड़ दिया|
बहरहाल इस संबंध में रांझी पुलिस के मुताबिक गंगा मैया निवासी 13 वर्षीय जॉनसन पिल्ले अपने परिचित दो नाबालिग लड़कों के साथ था। बताया जा रहा है कि किसी छोटी सी बात को लेकर उनके बीच विवाद शुरू हुआ। पहले कहासुनी हुई और फिर दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज होने लगी। आसपास मौजूद लोगों को लगा कि यह सामान्य बच्चों का झगड़ा है और कुछ देर में मामला शांत हो जाएगा, लेकिन देखते ही देखते स्थिति गंभीर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के दौरान दोनों नाबालिग लड़के आक्रोशित हो गए और उनमें से एक ने अपने पास रखा चाइना चाकू निकाल लिया। आरोप है कि इसके बाद जॉनसन पर हमला कर दिया गया। हमले के दौरान उसके गले पर गंभीर चोट लगी। अचानक हुए हमले से जॉनसन बुरी तरह घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना परिजनों को दी और घायल किशोर को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। परिजन और क्षेत्रवासी गंभीर रूप से घायल जॉनसन को पहले सिटी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए उसे मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन गले में लगी गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई।
कई घंटों तक जिंदगी और मौत से संघर्ष करने के बाद जॉनसन ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। किशोर की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में मातम छा गया। वहीं गंगा मैया क्षेत्र सहित रांझी के विभिन्न इलाकों में घटना को लेकर लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मामूली विवाद में इस तरह घातक हथियार का इस्तेमाल बेहद चिंताजनक है और ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
घटना की सूचना मिलते ही रांझी थाना पुलिस हरकत में आई और तत्काल जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त बताए जा रहे दोनों नाबालिगों को हिरासत में ले लिया। उनसे पूछताछ की जा रही है तथा घटना में प्रयुक्त चाकू की बरामदगी और पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद का सामने आया है, लेकिन सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और उपलब्ध साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपियों के पास चाकू कहां से आया और घटना के पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं था।

नाबालिगों में बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति चिंतनीय……….

इस घटना ने एक बार फिर किशोरों के बीच बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति और धारदार हथियारों के इस्तेमाल को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस उम्र में बच्चे शिक्षा और खेलकूद में व्यस्त रहते हैं, उस उम्र में मामूली विवाद का इतना हिंसक रूप लेना समाज और अभिभावकों दोनों के लिए चिंता का विषय बन गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। जॉनसन के शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं हिरासत में लिए गए दोनों नाबालिगों के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।