जबलपुर गन कैरिज फैक्ट्री (जीसीएफ) के विद्यानगर मैदान में आज कर्मचारियों के खेल एवं शारीरिक विकास को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए क्रिकेट प्रैक्टिस नेट एवं बास्केटबॉल कोर्ट का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जीसीएफ के मुख्य महाप्रबंधक ऋतुराज द्विवेदी ने की।
इस अवसर पर स्पोर्ट्स ऑफिसर उदयवीर के सौजन्य एवं विशेष सहयोग से निर्मित इन खेल सुविधाओं का विधिवत शुभारंभ किया गया। कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए मजदूर संघ हथौड़ा समर्थित कार्य समिति द्वारा इस विषय को लगातार प्रबंधन के समक्ष उठाया गया, जिसके सकारात्मक परिणामस्वरूप आज इन सुविधाओं का उद्घाटन संभव हो सका।
मुख्य महाप्रबंधक श्री द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि खेल गतिविधियां कर्मचारियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इन सुविधाओं के उपलब्ध होने से कर्मचारियों एवं उनके परिवारों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी तथा नई प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में उपस्थित कर्मचारियों ने क्रिकेट प्रैक्टिस नेट एवं बास्केटबॉल कोर्ट के निर्माण पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे कर्मचारियों के हित में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। मजदूर संघ हथौड़ा समर्थित कार्य समिति ने इस कार्य के लिए प्रबंधन एवं स्पोर्ट्स विभाग का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी कर्मचारियों के हितों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता से उठाने का संकल्प दोहराया।
यह पहल जीसीएफ में खेल संस्कृति को मजबूत करने तथा कर्मचारियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। कार्यक्रम में महाप्रबंधक राहुल चौधरी महाप्रबंधक श्रीवास्तव स्पोर्ट्स सेक्रेटरी कुलवीर पांडे के साथ यूनियन के पदाधिकारी के साथ अमित शर्मा अजय पांडे अमित उपाध्याय मिथुन सुनील सिंह बैभव इत्यादि लोग शामिल थे