जबलपुर। रविवार का दिन मौज-मस्ती और सुकून के लिए शुरू हुआ था, लेकिन कुछ ही पलों में वह दो परिवारों के लिए जिंदगी का सबसे बड़ा दुख बन गया। गौर चौकी क्षेत्र के सिलुआ घाट में नर्मदा नदी में डूबने से दो युवकों की मौत हो गई। इनमें एक युवक अपने दोस्त को बचाने के लिए नदी में कूदा था, लेकिन तेज बहाव और गहराई ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया।
जानकारी के अनुसार ग्राम चौखड़ा निवासी पांच दोस्त छुट्टी का आनंद लेने सिलुआ घाट पहुंचे थे। नर्मदा में नहाने और जलक्रीड़ा के दौरान 19 वर्षीय ध्रुव पटेल अचानक गहरे पानी और तेज बहाव में फंस गया। खुद को बचाने के लिए उसने मदद की गुहार लगाई। दोस्त को संकट में देखकर 17 वर्षीय सागर पटेल बिना देर किए उसे बचाने नदी में कूद पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों ने काफी देर तक संघर्ष किया, लेकिन नदी की तेज धार और गहराई के सामने उनकी कोशिशें नाकाम रहीं। देखते ही देखते दोनों युवक पानी में ओझल हो गए। घटना के बाद घाट पर मौजूद अन्य दोस्तों और लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही गौर चौकी प्रभारी नितिन पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय मल्लाहों और ग्रामीणों ने तत्काल तलाश शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में एसडीआरएफ की टीम ने मोर्चा संभाला। तेज बहाव और नदी के भीतर मौजूद चट्टानों के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने घटनास्थल से लगभग 50 मीटर दूर पत्थरों के बीच फंसे दोनों शवों को बरामद कर लिया।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। घटना से चौखड़ा गांव में शोक की लहर है। एक ही हादसे में दो युवाओं की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं सागर की दोस्ती और साहस की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है, जिसने अपने मित्र की जान बचाने के लिए अपनी जान की परवाह नहीं की।