अवैध कॉलोनाइजरों पर प्रशासन का बड़ा प्रहार दलपतपुर में सड़क-नाली समेत अवैध निर्माण ध्वस्त

जबलपुर। जिले में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ प्रशासन ने अब आर-पार की लड़ाई छेड़ दी है। कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के सख्त निर्देशों के तहत शनिवार को गोरखपुर अनुविभाग के ग्राम दलपतपुर में विकसित की जा रही एक अवैध कॉलोनी पर प्रशासन का बुलडोजर चला। कार्रवाई के दौरान कॉलोनी में अवैध रूप से बनाई गई सड़कें, नालियां और अन्य निर्माण ध्वस्त कर दिए गए।
प्रशासन ने संबंधित कॉलोनाइजर गुरूजी कंस्ट्रक्शन को पूर्व में नोटिस जारी कर अवैध निर्माण स्वयं हटाने का अवसर दिया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा में आदेश का पालन नहीं किया गया। इसके बाद अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) गोरखपुर अनुराग सिंह के निर्देश पर तहसीलदार, कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, अतिरिक्त तहसीलदार, भेड़ाघाट पुलिस, नगर निगम एवं राजस्व अमले की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध संरचनाओं को जमींदोज कर दिया।
प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि गोरखपुर अनुविभाग ही नहीं, जिले में कहीं भी अवैध कॉलोनी विकसित करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। अवैध रूप से बनाई गई सड़कें, नालियां, सार्वजनिक भूमि पर कब्जे और अन्य निर्माणों को हटाकर भूमि को उसकी मूल स्थिति में वापस लाया जाएगा।
इतना ही नहीं, अवैध कॉलोनाइजरों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई के तहत प्रकरण दर्ज किए जाएंगे। जरूरत पड़ने पर एफआईआर, आर्थिक दंड, विकास गतिविधियों पर रोक और अन्य कठोर कानूनी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।
प्रशासन ने आम नागरिकों को भी सतर्क करते हुए कहा है कि किसी भी भूखंड या कॉलोनी में निवेश करने से पहले उसकी वैधानिक स्थिति, कॉलोनाइजर लाइसेंस, विकास अनुमति और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की पूरी जांच कर लें। अवैध कॉलोनियों में निवेश भविष्य में कानूनी विवाद और आर्थिक नुकसान का बड़ा कारण बन सकता है।
संदेश साफ है—अवैध कॉलोनी बनाओगे तो बुलडोजर चलेगा, नियम तोड़ोगे तो कार्रवाई तय है।