जबलपुर,। बरेला थाना क्षेत्र में मंगलतयान विश्वविद्यालय के सामने शनिवार की दोपहर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई। बताया गया है कि काले रंग की एक बुलेरो कार एक डंपर में पीछे से टकरा गई, इस हादसे में बुलेरो के परखच्चे उड़ गए और आग लग गई| कार में दो लोग सवार थे जो जिंदा जल गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई| हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहगीरों की भीड़ एकत्र हो गई। यह समाचार लिखे जाने तक रेस्क्यू जारी था| कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने पर कार का नंबर और मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाई थी| सूचना मिलते ही बरेला थाना पुलिस एवं एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बरेला थाना प्रभारी संगीता सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार काले रंग की बुलेरो एक डंपर से पीछे से टकरा गई| कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमे आग लग गई| टक्कर इतनी भीषण थी कि डंपर की दिशा मुड़ गई और डंपर सड़क किनारे उतर गया। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। दुर्घटना के बाद कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा। बरेला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान एवं दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।