जबलपुर। जबलपुर पुलिस ने संगठित अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 31 संगीन मामलों में आरोपी कुख्यात गैंगस्टर बदमाश छोटू चौबे उर्फ सुयश चौबे को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक पिस्टल, छह जिंदा कारतूस तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
क्राईम ब्रांच के थाना प्रभारी शैलेश मिश्रा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर क्राइम ब्रांच और मदनमहल थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि फरार चल रहा छोटू चौबे मदनमहल क्षेत्र स्थित अपने किराए के मकान में अवैध हथियार के साथ मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने स्नेहनगर स्थित मकान में दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर कमरे में रखी टेबल की दराज से एक पिस्टल और उसकी मैगजीन में लोड छह जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने हथियार, कारतूस और दो मोबाइल फोन जब्त कर आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार छोटू चौबे के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, बलवा, अवैध वसूली, आर्म्स एक्ट तथा घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ सहित 31 गंभीर अपराध पहले से दर्ज हैं।
कमर में पिस्टल खोंसे दो युवक पकड़े गए………
कटनी से जबलपुर की ओर आ रही लग्जरी कार में सवार दो युवकों को पिस्टल-कारतूस के साथ पकड़ा है। आरोपी कार चालक वाहन सहित भागने में कामयाब रहा।
सिहोरा थाना प्रभारी प्रतीक्षा मार्को ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर कटनी से जबलपुर आ रही एक स्कार्पियो कार को मझौली ब्रिज के पास घेराबंदी कर रोका गया। स्कार्पियो से 2 लडके नीचे उतरकर बाहर आये, तभी स्कार्पियो चालक तेजी से गाड़ी बढाकर जबलपुर की ओर भाग गया। स्कार्पियो से उतरे दो लड़के रामपुर गोरखपुर निवासी निहाल केवट और ग्राम ककरा मैहर निवासी गगन जायसवाल, अपनी कमर में लोडेड पिस्टल खोसे थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने घमापुर निवासी बाबू सिंधी से पिस्टल खरीदी थी। उन्होंने 10 जून को अंकित सोनी निवासी अधारताल के साथ पिस्टल लेने स्कार्पियो से कटनी स्टेशन जाना तथा पिस्टल न मिलने पर वापस जबलपुर आना बताया। पुलिस ने आरोपी निहाल केवट, गगन जायसवाल, बाबू सिंधी, अंकित सोनी के विरूद्ध धारा 25 , 27 आर्म्स एक्ट एवं 49 बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड करने पर पकड़ाएं………..
सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ वीडियो अपलोड करना बरेला क्षेत्र के तीन युवकों को महंगा पड़ गया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस और क्राईम ब्रांच की टीम ने युवकों की तलाश कर उन्हें गिरफ्तार कर पूछताछ की| पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दो तलवार और एक बटनदार चाकू जब्त की है।
बरेला थाना प्रभारी श्रीमति संगीता सिंह ने बताया कि परसवाड़ा बरेला निवासी 21 वर्षीय प्रशांत पटेल के घर में पलंग के नीचे छिपाकर रखी दो मुंही तलवार जब्त की गई। इसी प्रकार परसवाड़ा बरेला निवासी 20 वर्षीय देव कुमार रजक की नानी के घर के छप्पर से एक बटनदार चाकू जप्त किया गया। इसी तरह परसवाड़ा बरेला निवासी 20 वर्षीय विक्रम रजक के घर से एक धारदार तलवार जप्त की गयी। पुलिस ने तीनों आरोपियों से 2 तलवार एवं 1 बटनदार चाकू जप्त करते हुये तीनों के विरूद्ध 25 आर्म्स एक्ट के तहत कार्यवाही की गयी।