जबलपुर। रेलवे विजिलेंस की टीम ने सोमवार सुबह जबलपुर मुख्य रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए गोंडवाना एक्सप्रेस में ड्यूटी कर रहे तीन ट्रैवलिंग टिकट एग्जामिनर (टीटीई) को जांच के दौरान निर्धारित राशि से अधिक नकदी के साथ पकड़ा। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) डॉ. मधुर वर्मा ने तीनों कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रेन क्रमांक 22182 गोंडवाना एक्सप्रेस के स्लीपर एवं वातानुकूलित कोचों में टीटीई मनोज कुशवाहा, कुंदन कुमार और अनिकेश कुमार ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान रेलवे विजिलेंस को किसी यात्री द्वारा मोबाइल फोन के माध्यम से शिकायत प्राप्त हुई कि ट्रेन में यात्रियों से कथित रूप से अवैध वसूली की जा रही है तथा जुर्माना वसूलने के बावजूद उसकी रसीद नहीं दी जा रही है।
शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने जबलपुर रेलवे स्टेशन पर निगरानी बढ़ा दी। सुबह करीब 10 बजे गोंडवाना एक्सप्रेस के प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही टीम ने तीनों टीटीई को रोककर जांच की। जांच के दौरान उनके पास मौजूद नकदी का मिलान ड्यूटी शुरू करने से पहले किए गए कैश डिक्लेरेशन से किया गया। इस प्रक्रिया में तीनों कर्मचारियों के पास घोषित राशि से अधिक नकदी पाई गई।
विजिलेंस जांच में कुंदन कुमार के पास से 32 हजार रुपये, अनिकेश कुमार के पास से 14 हजार रुपये तथा मनोज कुशवाहा के पास से 300 रुपये अतिरिक्त बरामद किए गए। इस प्रकार कुल 46,300 रुपये की अतिरिक्त राशि मिलने पर विजिलेंस ने प्रकरण दर्ज करते हुए पूरी रिपोर्ट जबलपुर रेल मंडल प्रशासन को सौंप दी।
रेलवे सूत्रों के अनुसार मामले की विभागीय जांच प्रारंभ कर दी गई है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
“विजिलेंस टीम द्वारा तीन टीटीई को अतिरिक्त नकदी के साथ पकड़ा गया है। मामले की जानकारी मिलते ही तीनों कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। प्रकरण की विस्तृत जांच कर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।”
— डॉ. मधुर वर्मा,
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, जबलपुर रेल मंडल।