भीषण सड़क हादसे में कांग्रेस नेता की मौत, हाईवा में फसा वाहन घिसटा, चिंगारी से आग भड़की


जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र अंतर्गत खजरी-खिरिया बाईपास पर रविवार देर रात 12 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार हाईवा की टक्कर से स्कूटर सवार युवक वाहन समेत हाईवा के नीचे फंस गया और करीब 50 मीटर तक घिसटता चला गया। दुर्घटना के दौरान स्कूटर में आग लग गई, जिसने कुछ ही देर में हाईवा को भी अपनी चपेट में ले लिया। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। मृतक कांग्रेस नेता बताया गया है|
माढ़ोताल पुलिस थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार रात लगभग 2 बजे खजरी-खिरिया बाईपास पर एक अनियंत्रित हाईवा ने पीछे से स्कूटर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटर हाईवा के नीचे फंस गया और काफी दूरी तक घिसटता रहा। घर्षण के कारण उठी चिंगारियों से स्कूटर में आग लग गई, जो देखते ही देखते हाईवा तक फैल गई।
घटना के समय बाईपास से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों ने घायल युवक को हाईवा के नीचे से बाहर निकाला। हालांकि दुर्घटना में युवक को गंभीर चोटें आई थीं तथा कमर से नीचे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था।
सूचना मिलने पर माढ़ोताल थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह पवार सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। वहीं फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घायल को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान माढ़ोताल क्षेत्र के शंकर नगर निवासी 39 वर्षीय अजीत चौधरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अजीत चौधरी कांग्रेस संगठन में पूर्व जिला सचिव के पद पर भी कार्य कर चुके थे।

दुर्घटना के बाद दोनों वाहनों में लगी आग………………..

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद स्कूटर सवार युवक करीब 50 मीटर तक सड़क पर घिसटता रहा। इस दौरान उठी चिंगारियों से दोनों वाहनों में आग लग गई, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। राहगीरों ने तत्काल पुलिस एवं फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

सीसीटीवी फुटेज की जांच में जुटी पुलिस……

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाईवा को जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच के आधार पर वाहन चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। बताया गया है कि हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की पुष्टि के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।