जबलपुर, पुराने शोभापुर क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में भाजपा नेत्री संगीता रजक की गोली लगने से मौत हो गई। घटना रात करीब 1 बजे की है।
क्या हुआ था…
38 वर्षीय संगीता रजक, जो रांझी गोकलपुर वार्ड से नगर निगम चुनाव में भाजपा की पार्षद प्रत्याशी रह चुकी थीं, के घर के बाहर देर रात अचानक शोर-शराबा और संदिग्ध हलचल हुई। माहौल को देखते हुए परिवार के पुरुष सदस्य बाहर की ओर भागे। इसी दौरान संगीता भी अपनी 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक लेकर गैलरी में आ गईं।
परिजनों के अनुसार, इसी बीच अचानक बंदूक से गोली चल गई जो सीधे संगीता के पेट में जा लगी। गोली लगते ही वे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ीं। घर में चीख-पुकार मच गई।
*अस्पताल में तोड़ा दम*
परिजन गंभीर हालत में संगीता को तुरंत नागरथ चौक स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से उन्हें हैदराबाद ओमेगा हॉस्पिटल रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
*पहले भी हुआ था हमला*
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले संगीता रजक के घर पर अज्ञात बदमाशों ने बमबाजी की थी। इस घटना के बाद से पूरा परिवार दहशत में था और सुरक्षा के लिहाज से लाइसेंसी बंदूक पास में रखता था। शनिवार रात जब बाहर शोर सुनाई दिया तो संगीता के जेठ बंटी रजक समेत अन्य लोग बाहर निकले। संगीता भी बंदूक लेकर उनके पीछे गैलरी तक पहुंची थीं।
*पुलिस जांच में जुटी*
सूचना मिलते ही रांझी थाना पुलिस मौके और अस्पताल पहुंची। थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हादसा बंदूक संभालते समय अचानक ट्रिगर दबने या मिसफायर होने से हुआ प्रतीत होता है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।