प्रधानमंत्री रोजगार मेला का आयोजन प्रधानमंत्री मोदी ने 51, हजार से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित किए


जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे, जबलपुर मंडल द्वारा 23 मई उत्सव रेल सामुदायिक भवन , मदन महल, जबलपुर में प्रधानमंत्री रोजगार मेला का भव्य आयोजन किया गया। केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों में चयनित नवनियुक्त अभ्यर्थियों को इस अवसर पर नियुक्ति-पत्र वितरित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान  प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 19वें रोजगार मेले में विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में नव नियुक्त युवाओं को 51,000 से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित किए। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने इस अवसर को देश भर के हजारों युवाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण दिन बताया। सरकारी सेवा में नए प्रवेशकों का स्वागत करते हुए उन्होंने रेलवे, बैंकिंग, रक्षा, स्वास्थ्य और शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में भारत के विकास में उनके महत्वपूर्ण योगदान पर बल दिया। श्री मोदी ने कहा, “आने वाले वर्षों में आप सभी विकासशील भारत के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।”जबलपुर में आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में  केंद्रीय मंत्री, डॉ. वीरेंद्र कुमार ( सामाजिक न्याय और अधिकारिता ) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने 211 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति-पत्र प्रदान किए। इनमें से 180 अभ्यर्थी रेलवे विभाग से तथा 31 अभ्यर्थी अन्य केंद्रीय विभागों (जैसे बैंकिंग, रक्षा तथा डाक विभाग आदि) से संबंधित थे।
अपने संबोधन में डॉ. वीरेंद्र कुमार ने प्रधानमंत्री श्री मोदी की रोजगार सृजन हेतु प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हुए कहा कि यह मेला युवाओं को आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सहभागी बनाने की दिशा में एक प्रभावी कदम है। उन्होंने नियुक्त अभ्यर्थियों से ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। इस कार्यक्रम में नवनियुक्त अभ्यर्थियों एवं उनके परिजनों ने इस आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लिया एवं मुख्य अतिथि माननीय केंद्रीय मंत्री, डॉ. वीरेंद्र कुमार के द्वारा सभी नव नियुक्त अभ्यर्थियों  नियुक्ति-पत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर  सांसद जबलपुर श्री आशीष दुबे, माननीय सांसद राज्य सभा   श्रीमती सुमित्रा बाल्मीक तथा माननीय विधायक श्री अजय बिश्नोई, श्री अशोक रोहाणी  एवं अभिलाष पाण्डेय सहित गणमान्य जनप्रतिनिधि, केंद्रीय सरकार के विभिन्न विभागों के अधिकारीगण, विभिन्न विभागों, नियुक्ति पाने वाले प्रतिभागी एवं मीडिया प्रतिनिधि, आमंत्रित जनप्रतिनिधियों एवं मीडिया कर्मियों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।

रेलवे की ओर से पमरे महाप्रबंधक श्री दिलीप कुमार सिंह, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री एस. डी. पाटीदार, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक श्री राजेश कुमार मंडल, प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक श्री अरविंद कुमार रजक एवं मंडल रेल प्रबंधक श्री कमल कुमार तलरेजा, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री आनंद कुमार, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री डॉ मधुर वर्मा , वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री वरुण चतुर्वेदी  सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।