जनसुनवाई कक्ष में धरना देने पहुंचे पूर्व विधायक विनय सक्सेना

जबलपुर –  ठेका मजदूर की हैसियत से अपना श्रम, समय और मेहनत नगर निगम को दे रहे सफाई और आउटसोर्स कर्मचारियों का अफसरों और ठेकेदारों की मिलीभगत से जबरदस्त शोषण किया जा रहा है। ये गंभीर आरोप लगाते हुए पूर्व विधायक विनय सक्सेना मंगलवार को अपने साथियों सहित नगर निगम पहुंचे और उन्होंने जनसुनवाई कक्ष में ही तब तक धरने पर बैठे रहने की घोषणा कर दी जब तक कि निगम प्रशासन ठेका कर्मचारियों के साथ इंसाफ नहीं कर देता? अपने साथियों सहित नगर निगम आयुक्त के नाम  एक पत्र लेकर गए श्री सक्सेना ने सात सूत्रीय बिंदुओं के माध्यम से नगर निगम में चल रहे ठेका सफाई और आउटसोर्स कर्मचारियों के शारीरिक, आर्थिक, सामाजिक और मानसिक शोषण की पूरी कलई खोलकर रख दी। पत्र के माध्यम से विनय सक्सेना ने बताया कि- ठेके पर लगे सफाई कर्मचारियों को ठेकेदार द्वारा ठेका नियम शर्तों के मुताबिक ना तो वेतन दिया जा रहा है ना ही उन्हें काम करने के लिए लगने वाले साधन संसाधनों जैसे झाड़ू, पंजा, फावड़ा, तसला, जैकेट, मास्क, दस्ताने, जूते आदि मुहैया किये जा रहे हैं? कर्मचारियों को कलेक्टर गाइड लाइन और श्रम कानून के तहत निर्धारित की गई मजदूरी की बजाय मात्र 250 रूपये प्रतिदिन प्रति कर्मचारी के परिश्रमिक दिया जा रहा है ? कर्मचारियों को पीएफ और ई सी आई सी यानी सामाजिक सुरक्षा और बीमा की सुविधा से भी वंचित रखा गया है? गढ़ा इलाके में सफाई कार्य के लिए ठेकेदार को कर्मचारी मुहैया कराने वाला एक ग़रीब युवक बीते करीब डेढ़ सालों से उन कर्मचारियों की मजदूरी के लिए नगर निगम अधिकारियों के चक्कर काट रहा है लेकिन कोरे आश्वासनों के सिवाय उसे आज तक भुगतान नहीं किया गया? बताया गया नगरनिगम से ठेकेदार को कर्मचारियों के 30 दिन का वेतन भुगतान किया जा है जबकि ठेकेदार मात्र 26 दिन का वेतन ही कर्मचारियों को दे रहा है?*

*विनय सक्सेना के मुताबिक उनके द्वारा लगाए गए उक्त सभी आरोपों और शिकायतों को निगम प्रशासन ने भी जायज और सही माना है और तीन दिन के भीतर जाँच पड़ताल कर सभी खामियाँ दूर कर अवगत कराने का वादा किया है। श्री सक्सेना ने चेतावनी दी है कि अगर कर्मचारियों को शोषण और भेदभाव से मुक्ति दिलाने में नगर निगम ने सख्ती और तत्तपरता नहीं दिखाई तो आवाज़ और बुलंद कर दी जायेगी जिसकी गूँज आर्थिक और शारीरिक अपराध कार्यालयों के अलावा दिल्ली और भोपाल में भी सुनाई देगी। इस मौके पर कांग्रेस के राजेंद्र सराफ रज्जू, संजय उपाध्याय, सिद्धांत जैन गोलू, मेवालाल पटैल, सौरभ रैकवार, अल्केश गुप्ता, एड.आकाश तिवारी, राजेन्द्र ठाकुर रंजीत, केशव नारायण कोरी, राकेश चौधरी, दिलीप चमकेल, सुरेंद्र तिवारी, सुशिम धर, एड. मुहम्मद अल्तमश, सुदीश साहू, अरविन्द तिवारी, कलीम खान, लतीफ अंसारी,जाकिर खान, अमित नामदेव, प्रमोद जायसवाल, रवि, गणेश, राजू इत्यादि बड़ी संख्या में नवनियुक्त पदाधिकारी और कार्यकर्तागण मौजूद रहे।*