जबलपुर। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार सोमवार को एनएसयूआई जबलपुर जिला इकाई ने जिला उपाध्यक्ष अनुज यादव एव अभिनव मिश्रा के नेतृत्व में दूरदर्शन कार्यालय के समक्ष जोरदार विरोध प्रदर्शन किया तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं गृहमंत्री अमित शाह का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया।प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में दूरदर्शन कार्यालय के बाहर शांतिपूर्ण विरोध में शामिल एनएसयूआई साथियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किए जाने की कड़ी निंदा की तथा उनकी तत्काल रिहाई की मांग उठाई। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि यह कार्रवाई लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।एनएसयूआई नेताओं ने कहा कि दूरदर्शन देश की आम जनता के टैक्स से संचालित होने वाला सार्वजनिक प्रसारण मंच है, इसलिए उससे निष्पक्षता, गरिमा और लोकतांत्रिक मर्यादा की अपेक्षा की जाती है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के विरुद्ध की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि यह सार्वजनिक संस्थानों की निष्पक्षता पर भी गंभीर प्रश्न खड़े करती है।
जिला अध्यक्ष सचिन रजक ने कहा कि एनएसयूआई छात्र-युवा शक्ति की आवाज है और लोकतंत्र, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता तथा संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव संघर्षरत रहेगी। यदि गिरफ्तार साथियों को शीघ्र रिहा नहीं किया गया और सरकारी संस्थानों का दुरुपयोग बंद नहीं हुआ, तो संगठन आंदोलन को और व्यापक स्वरूप देगा।
प्रदर्शन के दौरान मौके पर मौजूद पुलिस बल एवं कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झड़प की स्थिति भी निर्मित हुई, जिसे बाद में नियंत्रित कर लिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में एनएसयूआई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष सचिन रजक, उपाध्यक्ष अनुज यादव, अभिनव मिश्रा, राष्ट्रीय सचिव करन तामसेतवार, एजाज अंसारी, अर्पित सोनकर, सचिन शर्मा, आकाश सेन,दिलशाद अंसारी,मो समीम,जयसूर्या, विदांत श्रीवास्तव, समीर,कफील ,आशिष सहित भारी संख्या मे छात्र उपस्थित थे