जबलपुर । पनागर तहसील की भरदा रेलवे फाटक के पास खेतों की नरवाई में अचानक आग लग गई। मौजूद ग्रामीणों ने आग बुझाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन आग बढ़ती ही गई। आग की चपेट में आने से पाइप, स्प्लिंकर समेत खेती का सामान जलकर खाक हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची फायर ब्रिगेड में काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे पनागर भरदा के बीच पड़ने वाली रेलवे क्रॉसिंग के बगल में खेत की नरवाई में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया। मौजूदा जनों ने तत्काल इसकी सूचना नगर पालिका को दी। जानकारी लगते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग बुझाने का हर संभव प्रयास किया। आग इतनी विकराल हो चुकी थी कि इसे बुझाने में फायरफाइटर को काफी मशक्कत का सामना करना पड़ा। आग बुझाने के बाद किसान ने बताया कि आग की चपेट में आने से सिंचाई में उपयोग होने वाले करीब 12 पाइप, बिजली की केबल और सटक जलकर राख हो गई। हालांकि स्थानीय प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है।