.जबलपुर : प्रदेश के सवा लाख से अधिक वकीलों का पंजीयन करने वाली सर्वोच्च संस्था एमपी स्टेट बार काउंसिल की कार्यकारिणी का कार्यकाल पूर्ण हो गया है। जिसे ध्यान में रखते हुए बार काउंसिल आफ इंडिया, नई दिल्ली ने एक समिति गठित कर महाधिवक्ता प्रशांत सिंह को स्टेट बार का नया अध्यक्ष व ग्वालियर के अतिरिक्त महाधिवक्ता दीपेन्द्र कुशवाह व केंद्र सरकार के डिप्टी सालिसिटर जनरल सुयश मोहन गुरू को सदस्य नियुक्त किया गया है। महाधिवक्ता प्रशांत सिंह ने तत्काल ही बार काउंसिल में अध्यक्ष का पदभार ग्रहण कर प्रदेश के अधिवक्ताओ के हितार्थ कार्य प्रारंभ कर दिया। इस अवसर पर परिषद के सचिव आशीष आनंद सहित उपस्थित सभी कर्मचारियों ने नए अध्यक्ष का पुष्पहारों से स्वागत किया। उल्लेखनीय है कि स्टेट बार कौसिल की कार्यकारिणी का कार्यकाल पांच वर्ष का होता है। कार्यकाल पूर्ण होने के उपरांत प्रति पांच वर्ष में होने वाले चुनाव आगामी 12 मई को हैं।
19 नामांकन निरस्त, 119 की सूची जारी
निर्वाचन अधिकारी न्यायमूर्ति एसके पालो ने बताया कि स्टेट बार चुनाव के लिए कुल 138 नामंकन दाखिल हुए थे। जांच के उपरांत कुछ कारणों से 19 नामांकन निरस्त कर दिए गए हैं। इनमें से 11 विभिन्न संघों के पदाधिकारी हैं, तीन के विरुद्ध अनुशासन समिति के समा प्रकरण लंबित हैं। पांच के आपराधिक मामलो के कारण कार्रवाई की गई है। विशेष परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जमा की गई नामांकन शुल्क राशि एक लाख 25 हजार रुपये नियमानुसार निर्वाचन अधिकारी द्वारा वापस करने का आदेश दिया गया है। इच्छुक अभ्यर्थी इस आदेश के विरुद्ध स्टेट बार, जबलपुर की हाई पावर्ड इलेक्शन समिति के समक्ष नियमानुसार अपील प्रस्तुत कर सकते हैं।