जबलपुर /भोपाल/ भीमराव रामजी आंबेडकर की जयंती के अवसर पर जनता दल (यू) मध्य प्रदेश द्वारा पूरे प्रदेश में श्रद्धा और उत्साह के साथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर बाबा साहब की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
जबलपुर स्थित अंबेडकर चौक में आयोजित कार्यक्रम में जदयू प्रदेश अध्यक्ष सूरज जायसवाल ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए कहा कि भारत का भारतीय संविधान विश्व का सबसे श्रेष्ठ संविधान है, जो प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और सुरक्षा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि आज हर भारतीय नागरिक अपने अधिकारों के लिए जो संघर्ष कर रहा है, वह बाबा साहब द्वारा दिए गए संवैधानिक अधिकारों के कारण ही संभव हुआ है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बाबा साहब ने दलित, शोषित और पिछड़े वर्गों को जो अधिकार संविधान में दिए, आज उसी का परिणाम है कि समाज का वंचित वर्ग मुख्यधारा में सम्मान के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने जदयू कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि बाबा साहब के विचारों को आत्मसात कर समाज में समानता और न्याय की स्थापना के लिए निरंतर कार्य करें।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सुभाष जायसवाल, संतोष सिनेमा, इमाम खान, भारत यादववंशी, उदय पाटिल, निलेश सिंह, कंचन चौधरी, सुषमा बेन सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। साथ ही जिला अधिवक्ता संघ के पूर्व पदाधिकारियों द्वारा आयोजित कार्यक्रम में संयोजक एडवोकेट अशोक बहन ने भी बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष ने सहभागिता की।
इसी क्रम में भोपाल में भी जदयू के प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों ने बोर्ड ऑफिस चौराहे के पास स्थित बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष हरिओम सूर्यवंशी, प्रदेश महासचिव शोभाल सिंह सिसोदिया, जिला अध्यक्ष नईम रहमान, गुड्डू भाई एवं अयाज अली के साथ जबीउल्लाह खान, राहुल सोलंकी, बालवीर रजक, मोहन डोंगरे सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।