मेडिकल छात्र कालेज की चौथी मंजिल से गिरा मौत, हादसा या आत्महत्या, पुलिस कर रही जांच

जबलपुर । शनिवार की सुबह जबलपुर के धनवंतरी नगर पुलिस चौकी क्षेत्र स्थित यश हाइट अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर मेडिकल स्टूडेंट की मौत हो गई। बताया जाता है कि मृतक नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में चौथे सेमेस्टर में पढ़ाई कर रहा था और पिछले 6 माह से यहां किराए से रह रहा था। घटना अलसुबह की बतायी जाती है। घटना की जानकारी लगते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कार्यवाही कर शव को पोस्टमार्टम के मेडिकल अस्पताल भिजवाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। मेडिकल स्टूडेंट ने आत्महत्या की हैइ अथवा वह किसी दुर्घटना का शिकार हुआ है यह पीएम रिपोर्ट व मर्ग जांच के बाद ही पता चल सकेगा।
पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है, जिससे मामले की गुत्थी और उलझ गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे मृतक के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड और परिजनों से पूछताछ कर रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह पिछले कुछ दिनों से किसी मानसिक तनाव में तो नहीं था। धन्वंतरी नगर चौकी पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच भी कर रही है और दोस्तों से पूछताछ की जा रही है। वहीं परिजनों के शहर पहुंचने के बाद मेडिकल स्टूडेंट का अपार्टमेंट में स्थित आवास को खोला जाएगा।