जबलपुर। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच और थाना तिलवारा पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन में अवैध रूप से अंग्रेजी शराब का परिवहन कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 192 पेटियों में 1664 बोतल और 2670 क्वार्टर, कुल 1713.600 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। शराब और परिवहन में इस्तेमाल पिकअप वाहन सहित जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 19 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान घनश्याम झारिया, उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम खैरी, थाना जबेरा, जिला दमोह और राहुल यादव, उम्र 28 वर्ष, निवासी चांदमारी तलैया, घमापुर के रूप में हुई है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस को 13 अगस्त की रात विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि अंधमुख बाईपास रोड की ओर से जबलपुर-नागपुर रोड होते हुए ग्राम घाना की तरफ एक पिकअप वाहन में भारी मात्रा में अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना पर क्राइम ब्रांच और थाना तिलवारा की संयुक्त टीम ने जोधपुर पड़ाव पेट्रोल पंप के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर घेराबंदी की।
कुछ देर बाद अंधमुख की तरफ से ग्राम घाना की ओर आती पिकअप क्रमांक एमपी 20 जेड क्यू 1873 दिखाई दी। पुलिस टीम ने वाहन को रोककर तलाशी ली। वाहन में चालक सहित दो लोग सवार थे। दोनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
अलग-अलग ब्रांड की शराब मिली
तलाशी के दौरान पिकअप के पिछले हिस्से में 192 पेटियां अंग्रेजी शराब मिलीं। इनमें बैगपाइपर, गोवा, 8 पीएम, ऑफिसर्स चॉइस, मैकडॉवेल नंबर-1, ओल्ड मंक, आइकॉनिक, मैजिक मूवमेंट और रॉयल स्टैग सहित विभिन्न ब्रांड की शराब शामिल थी।पुलिस ने घनश्याम झारिया के कब्जे से 1713.600 लीटर अंग्रेजी शराब, जिसकी कीमत करीब 17 लाख 12 हजार 646 रुपये, एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल और शराब परिवहन में इस्तेमाल पिकअप वाहन जब्त किया। वाहन की कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है। वहीं राहुल यादव के कब्जे से एक कीपैड मोबाइल बरामद किया गया।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। अब उनसे यह पता लगाने के लिए पूछताछ की जा रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। पुलिस शराब के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।