अवैध गिट्टी व एम-सैंड परिवहन करते तीन डंपर जब्त

जबलपुर/ कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर खनिज विभाग ने अवैध खनिज परिवहन के विरुद्ध तिलवारा क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान बिना वैध इलेक्ट्रॉनिक ट्रांजिट पास  के गिट्टी एवं एम-सैंड का परिवहन करते पाए जाने पर तीन डंपर को जब्त किया गया। जब्त किए गए तीनों वाहनों को आगामी आदेश तक थाना तिलवारा की अभिरक्षा में रखा गया है। कार्यवाही के दौरान सहायक खनि अधिकारी श्री शैलेन्द्र मिश्रा तथा खनिज निरीक्षक श्री शिवपाल चौधरी, श्री विवेकानंद यादव सहित खनिज विभाग का अमला मौजूद रहा।
खनिज विभाग ने बताया कि जब्त वाहनों के विरुद्ध खनिज नियमों के तहत प्रकरण तैयार कर नियमानुसार कार्यवाही के लिए सक्षम प्राधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।