जबलपुर। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू की पहल पर मानसून को देखते हुए नगर निगम ने जल संकट से निपटने और भूजल स्तर को बढ़ाने के लिए अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। जल ही जीवन है के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए निगम प्रशासन वर्षा जल संचय रैन वॉटर हार्वेस्टिंग को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध नजर आ रहा है। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू एवं निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने बताया कि इस अभियान के तहत शहर के कोने-कोने में व्यापक स्तर पर कार्य शुरू कर दिए गए हैं।
*जन-जन को किया जा रहा जागरूक*
उन्होंने बताया कि इस मुहिम को एक जन-आंदोलन बनाने के लिए नगर निगम द्वारा विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। टीम के माध्यम से नागरिकों को वर्षा जल संचय का महत्व समझाया जा रहा है और लोगों को अपने घरों में वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि बारिश की एक भी बूंद बर्बाद न हो।
भूजल स्तर को रीचार्ज करने के लिए निगम ने एक बेहतरीन तकनीकी योजना पर काम शुरू किया है। शहर के सभी सार्वजनिक हैंडपंपों और बोरवेल्स के पास रिचार्ज शाफ्ट बनाए जा रहे हैं। इससे बारिश का पानी सीधे जमीन के भीतर जाएगा, जिससे न केवल सूख रहे हैंडपंपों में दोबारा पानी आएगा, बल्कि आसपास के क्षेत्रों का वाटर टेबल भी तेजी से सुधरेगा।
संवर रहे हैं पारंपरिक कुएं*
निगम पारंपरिक जल स्रोतों को पुनर्जीवित करने पर भी विशेष ध्यान दे रहा है। शहर के पुराने और अन्य कुओं की युद्ध स्तर पर सफाई की जा रही है। खास बात यह है कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो, इसके लिए विशेषज्ञों की देखरेख में वैज्ञानिक तरीके से कुओं की सफाई और गाद निकालने का काम किया जा रहा है। सफाई के बाद इन कुओं के पानी को शुद्ध कर उपयोग के लायक बनाया जाएगा।