जबलपुर। पूर्व विधानसभा क्षेत्र सहित शहर में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती, जर्जर विद्युत व्यवस्था और उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को विद्युत विभाग के खिलाफ बड़ा जनआंदोलन और धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व विधायक लखन घनघोरिया ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने विद्युत विभाग के कार्यालय का घेराव कर बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि लगातार बिजली कटौती, खराब ट्रांसफार्मर, जर्जर विद्युत पोल और तारों के कारण आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
धरना स्थल पर विधायक लखन घनघोरिया ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि यदि अघोषित बिजली कटौती तत्काल बंद नहीं की गई और विद्युत व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो इसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग और सरकार की होगी। उन्होंने कहा कि जनता लंबे समय से विभागीय लापरवाही का शिकार हो रही है और अब अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने को मजबूर है।
ज्ञापन में रखी गई प्रमुख मांगें
अघोषित बिजली कटौती तत्काल बंद की जाए।
जर्जर विद्युत पोल और पुराने तार बदले जाएं।
खराब एवं ओवरलोड ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदला जाए।
बिजली विभाग में रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएं।
त्रुटिपूर्ण एवं बढ़े हुए बिजली बिलों की जांच कर सुधार किया जाए।
स्मार्ट मीटर संबंधी शिकायतों का त्वरित निराकरण हो।
क्षेत्र में निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
दो नए विद्युत सब-स्टेशन स्थापित किए जाएं।
अधिक भार वाले क्षेत्रों में उच्च क्षमता के ट्रांसफार्मर लगाए जाएं।
फाल्ट, ट्रिपिंग और केबल संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाए।
विधायक घनघोरिया ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी जनता के साथ मिलकर और व्यापक आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता के हितों और अधिकारों की लड़ाई लड़ती रहेगी।
प्रदर्शन में यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया, नगर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा, नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा सहित कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ नेता, पार्षद, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने मांगों के निराकरण नहीं होने पर आंदोलन को और तेज करने का संकल्प लिया।