बिजली सब स्टेशन में ड्यूटी कर रहे भाजपा विधायक के साले की गोली मारकर हत्या

जबलपुर। पाटन थाना क्षेत्र के ननवारा गांव स्थित बिजली सब स्टेशन में ड्यूटी कर रहे बिजली कंपनी के आउटसोर्स कर्मचारी की अज्ञात हमलावरों ने बेरहमी से हत्या कर दी। शुक्रवार रात करीब 9 बजे हुई इस वारदात में हमलावरों ने कर्मचारी की पीठ पर गोली मारी और सिर पर धारदार हथियार से हमला किया। गंभीर हालत में उन्हें जबलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।मृतक की पहचान गजेंद्र सिंह के रूप में हुई है। वे मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में सब स्टेशन ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि उनका सागर जिले की बंडा विधानसभा सीट से भाजपा विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी से पारिवारिक रिश्ता है और वे विधायक के साले थे।परिजनों के मुताबिक, बिजली सप्लाई बंद करने और लाइन काटने को लेकर गजेंद्र सिंह का गांव के कुछ लोगों से विवाद होता रहता था। इस संबंध में उन्होंने बिजली कंपनी के अधिकारियों से शिकायत भी की थी। ऐसे में पुलिस इस विवाद को भी हत्या की संभावित वजह मानकर जांच कर रही है। हालांकि, अभी हत्या के कारणों की पुष्टि नहीं हुई है।घटना की सूचना मिलते ही पाटन थाना पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और परिजनों सहित स्थानीय लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। थाना प्रभारी पूजा उपाध्याय के अनुसार, मृतक की पीठ पर गोली जैसे घाव की जानकारी सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एक्स-रे के बाद ही चोटों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस आपसी विवाद, पुरानी रंजिश और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हमलावरों की पहचान और हत्या की असली वजह का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।