एमपी ट्रांसको ने जीआईएस सबस्टेशन के सीमित स्थान पर किया अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर ऊर्जीकृत-


भोपाल/ जबलपुर । मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एम पी ट्रांसको) के इंजीनियरोंने सीमित स्थान में कौशल, दक्षता और सुविचारित कार्ययोजना का उत्कृष्ट उदाहरण पेश करते हुए  132 केवी जीआईएस सबस्टेशन, ई-8 अरेरा कॉलोनी में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।दरअसल जीआईएस (गैस इंसुलेटेड सबस्टेशन) तकनीक पर आधारित इस सबस्टेशन में स्थान अत्यंत सीमित होने के कारण अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर स्थापित करना एक जटिल और चुनौतीपूर्ण कार्य था।
इसके बावजूद एमपी ट्रांसको के इंजीनियरों ने अपनी तकनीकी दक्षता, सूक्ष्म योजना और समन्वित प्रयासों के माध्यम से कम स्थान का सर्वोत्तम उपयोग करते हुए 20 एमवीए क्षमता का अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर सफलतापूर्वक स्थापित कर उसे ऊर्जीकृत किया।
एमपी ट्रांसको के अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्री राजेश शांडिल्य के अनुसार इस नए ट्रांसफार्मर के स्थापित होने से न केवल भोपाल की ट्रांसफॉर्मेशन क्षमता में वृद्धि हुई है, बल्कि सबस्टेशन पर वैकल्पिक व्यवस्था भी उपलब्ध हो गई है। अब रखरखाव (शटडाउन) के दौरान भी विद्युत आपूर्ति को निर्बाध बनाए रखना संभव होगा।
इस नए ट्रांसफार्मर के जुड़ने से सबस्टेशन की कुल क्षमता बढ़कर 70 एमवीए हो गई है, जो राजधानी की बढ़ती विद्युत मांग को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।