जबलपुर। तिलवारा थाना क्षेत्र के दद्दा घाट पर शनिवार दोपहर 3 बजे एक हृदयविदारक हादसे में तीन किशोरों की डूबने से मौत हो गई। गढ़ा के मुजावर मोहल्ला स्थित सूपाताल क्षेत्र निवासी 16 वर्षीय राजा खान, 18 वर्षीय साहिल खान और साहिल पुत्र शकील दोपहर करीब तीन बजे नर्मदा में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान वे वॉटर प्लांट क्षेत्र के पास खुदाई से बने गहरे हिस्से में चले गए और पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगने से एक-एक कर डूब गए। सूचना मिलते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल फैल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घाट के समीप वॉटर प्लांट के कार्य के चलते नदी के भीतर गहरा गड्ढा बन गया है। नहाने के दौरान तीनों किशोर अनजाने में उसी हिस्से तक पहुंच गए, जहां पानी अचानक काफी गहरा था। गहराई अधिक होने के कारण वे बाहर नहीं निकल सके। देखते ही देखते तीनों पानी में समा गए। घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई, लेकिन तब तक हालात नियंत्रण से बाहर हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही तिलवारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ को भी सूचना दी गई, लेकिन उसके पहुंचने से पहले स्थानीय नाविकों और युवकों ने अपने स्तर पर तलाश अभियान शुरू कर दिया। काफी मशक्कत के बाद तीनों किशोरों को पानी से बाहर निकाला गया, जहां मौजूद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। तिलवारा थाना प्रभारी बृजेश मिश्रा ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल…
इस दर्दनाक हादसे के बाद वॉटर प्लांट क्षेत्र में चल रही खुदाई और वहां सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि गहरे पानी वाले हिस्से के आसपास न तो पर्याप्त चेतावनी बोर्ड लगाए गए थे और न ही लोगों को वहां जाने से रोकने के इंतजाम थे।
मुजावर मोहल्ले में मातम पसरा…………
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन और मोहल्ले के लोग बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए। तीन युवाओं की एक साथ मौत से पूरे मुजावर मोहल्ला और आसपास के इलाके में मातम पसरा हुआ है।