जबलपुर। रविवार को भेड़ाघाट स्थित विश्व प्रसिद्ध धुआंधार जलप्रपात क्षेत्र में एक भव्य स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। यह अभियान सनातन सर्वोपरि संघ, थैलेसीमिया जन जागरण समिति एवं हम हैं न फाउंडेशन के संयुक्त सहयोग से संपन्न हुआ। अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र को स्वच्छ बनाना, पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा मां नर्मदा के तट की पवित्रता को बनाए रखना रहा।
सुबह से ही बड़ी संख्या में समाजसेवी, युवा, स्थानीय नागरिक एवं नर्मदा भक्त अभियान में शामिल हुए। सभी ने मिलकर धुआंधार क्षेत्र एवं आसपास के घाटों पर फैले कचरे को एकत्र कर साफ-सफाई की। इस दौरान प्लास्टिक, पॉलिथीन एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री को हटाकर क्षेत्र को स्वच्छ और सुंदर बनाने का प्रयास किया गया।
आयोजकों ने बताया कि मां नर्मदा केवल एक नदी नहीं, बल्कि आस्था और जीवन का आधार हैं, इसलिए उनकी स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि पर्यटन स्थलों पर गंदगी न फैलाएं और स्वच्छता को अपनी आदत बनाएं।
अभियान के दौरान पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी को लेकर जागरूकता संदेश भी दिए गए। उपस्थित जनों ने संकल्प लिया कि वे भविष्य में भी ऐसे अभियानों में भाग लेकर समाज को स्वच्छता के प्रति प्रेरित करेंगे।