अधिवक्ता परिषद चुनाव : अब 72 का चुनावी सफर थमा, दूसरी पसंद के वोटों ने बदले समीकरण; महिला आरक्षण से मुकाबला और रोचक


जबलपुर। मध्य प्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद निर्वाचन 2024 के दूसरे चरण की मतगणना शुक्रवार को 12वें दिन भी जारी रही। इस दौरान तीन और प्रत्याशियों को चुनावी दौड़ से बाहर होना पड़ा। इसके साथ ही 122 प्रत्याशियों में अब तक बाहर होने वाले उम्मीदवारों की संख्या बढ़कर 72 हो गई है। शुक्रवार की गणना में ग्वालियर की प्रतीका पाठक, जबलपुर के वरुण ठाकुर सहित एक अन्य प्रत्याशी का चुनावी सफर थम गया। निर्वाचन अधिकारी एवं पूर्व न्यायमूर्ति एसके पालो के अनुसार, महिला आरक्षण के प्रावधान के तहत बाहर होने के बाद भी निर्धारित मानदंड पूरा करने वाली महिला प्रत्याशी को अंतिम परिणाम में प्रतिनिधित्व मिल सकता है।

दूसरी पसंद के वोटों ने बदला चुनावी गणित……

मतगणना में बाहर हुए प्रत्याशियों के मतपत्रों में दर्ज दूसरी प्राथमिकता के वोट अगली वरीयता वाले उम्मीदवारों के खाते में स्थानांतरित किए जा रहे हैं। इन वोटों के हस्तांतरण से शीर्ष प्रत्याशियों के बीच मुकाबले की तस्वीर लगातार बदल रही है और कई उम्मीदवारों की बढ़त मजबूत हुई है।महिला वर्ग में अन्नू पटेल और प्रवीण तिवारी मुकाबले में बनी हुई हैं। वहीं विवेक सिंह, आरके सिंह सैनी, अखिलेश कुमार सक्सेना, नरेन्द्र कुमार जैन और संदीप मेहता लगातार बढ़त बनाए हुए हैं।मतों के लगातार हस्तांतरण और प्रत्याशियों के बाहर होने के साथ चुनावी समीकरण हर चरण में बदल रहे हैं। अब अगली गणना पर सभी की नजर है, क्योंकि दूसरी प्राथमिकता के वोट अंतिम परिणाम की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।