जबलपुर रेलवे स्टेशन का नाम अमर शहीद राजा शंकर शाह–रघुनाथ शाह के नाम पर किया जाए : सूरज जायसवाल

जबलपुर| महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं अमर शहीद राजा शंकर शाह और रघुनाथ शाह के बलिदान दिवस के अवसर पर जनता दल (यू) मध्य प्रदेश की ओर से जबलपुर स्थित बलिदान स्थल पर पुष्पांजलि एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में जनता दल (यू) मध्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष सूरज जायसवाल ने अमर शहीद राजा शंकर शाह एवं रघुनाथ शाह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में राजा शंकर शाह और उनके पुत्र रघुनाथ शाह का बलिदान अद्वितीय है। अंग्रेजी हुकूमत ने दोनों महान सेनानियों को तोप के मुंह से बांधकर शहीद कर दिया था। उनका बलिदान स्थल आज भी जबलपुर रेलवे परिसर में स्थित है, जो देश की स्वतंत्रता के इतिहास की महत्वपूर्ण धरोहर है।
श्री जायसवाल ने कहा कि आज देश में महान स्वतंत्रता सेनानियों एवं ऐतिहासिक विरासत को सम्मान देने की बात हो रही है। ऐसे में जबलपुर रेलवे स्टेशन का नाम अमर शहीद राजा शंकर शाह–रघुनाथ शाह के नाम पर किया जाना उनके महान बलिदान के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम के प्रारंभ में प्रदेश अध्यक्ष सूरज जायसवाल ने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बलिदान स्तंभ पर पुष्पांजलि एवं श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सुभाष जायसवाल, संतोष नेमा, इमाम खान एडवोकेट, राम गिरीश वर्मा एडवोकेट, सतीश उदय पाटील, संतोष यादव, भारत यदुवंशी, नितेश सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।