चलती ट्रेन से गिरकर घायल युवक को डायल-112 जवानों ने पहुंचाया मेडिकल


जबलपुर। भेड़ाघाट रेलवे स्टेशन के पास चलती ट्रेन से गिरकर घायल हुए 30 वर्षीय युवक को डायल-112 के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए एफआरवी वाहन से मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार 18 सितंबर 2026 को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल में सूचना मिली कि भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के पास एक युवक चलती ट्रेन से गिरकर घायल अवस्था में पड़ा है और उसे तत्काल पुलिस सहायता की आवश्यकता है। सूचना मिलते ही भेड़ाघाट थाने में तैनात डायल-112 एफआरवी वाहन को मौके के लिए रवाना किया गया।
डायल-112 स्टाफ आरक्षक अभिषेक राजपूत और पायलट सचिन कुमार दुबे मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि नागपुर जा रहा 30 वर्षीय युवक ट्रेन से गिरने के कारण घायल हो गया था। जवानों ने बिना समय गंवाए घायल युवक को एफआरवी वाहन से जबलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे उपचार के लिए भर्ती कराया गया।
डायल-112 जवानों की त्वरित कार्रवाई से घायल युवक को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सका और उसे तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हुई।