लोडिंग वाहन नियमों की उड़ा रहे धज्जियां, लोहे की सरिया स्कूल वाहन में घुसी, बच्चे बाल-बाल बचे, 1 घायल


जबलपुर। शहर की सड़कों पर दौड़ते मालवाहक वाहनों में लापरवाही से लदा सामान कब किसी बड़े हादसे की वजह बन जाए, इसका खतरनाक उदाहरण शुक्रवार दोपहर बल्देवबाग-दमोह नाका मार्ग पर देखने मिला। चेरीताल शराब दुकान के सामने निर्माण सामग्री से भरे एक लोडिंग वाहन में रखे लोहे के लंबे पाइप अचानक आगे की ओर खिसक गए। सामान बांधने के लिए इस्तेमाल की गई रस्सी टूट गई और भारी पाइप आगे चल रही क्राइस्ट चर्च स्कूल की वैन का पिछला कांच तोड़ते हुए अंदर जा घुसे। वैन में 8-9 बच्चे सवार थे। एक छात्रा घायल हुई, जबकि बाकी बच्चे बाल-बाल बच गए।


यह हादसा केवल एक चालक की लापरवाही का मामला नहीं है, बल्कि शहर में मालवाहक वाहनों पर निर्माण सामग्री की ढुलाई के दौरान सुरक्षा नियमों की अनदेखी पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। जिस सड़क से रोजाना स्कूली बच्चे, परिवार और आम नागरिक गुजरते हैं, वहां 20 से 40 फीट लंबे लोहे के पाइप किस तरह बांधकर ले जाए जा रहे थे? क्या उन्हें सुरक्षित रखने के लिए पर्याप्त इंतजाम थे? क्या वाहन की लंबाई, गति और सामान के संतुलन का ध्यान रखा गया था?

रस्सी टूटी और बच्चों के सामने आ गई मौत …….

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, छोटा हाथी वाहन क्रमांक एमपी 20 जेडवाय 3422 में लोहे की रॉड और पाइप लदे हुए थे। इन्हें रस्सी के सहारे बांधा गया था। शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे चेरीताल शराब दुकान के सामने वाहन चालक ने अचानक ब्रेक लगाए। झटके के कारण सामान बांधने वाली रस्सी टूट गई और पाइप आगे की ओर खिसकते हुए स्कूल वैन के पिछले हिस्से में जा घुसे। वैन का पिछला कांच टूट गया और पाइप अंदर तक पहुंच गए। यदि पाइप कुछ और अंदर जाते या बच्चों की बैठने वाली जगह पर सीधे टकराते तो परिणाम बेहद गंभीर हो सकते थे।

दूसरे वाहनों की सुरक्षा का भी…

इस घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि शहर में निर्माण सामग्री लेकर चलने वाले वाहनों की जांच कितनी गंभीरता से होती है। क्या लंबे पाइप और लोहे की रॉड को केवल रस्सी से बांधकर सड़क पर ले जाना पर्याप्त सुरक्षा है? क्या सामान को इस तरह बांधा गया था कि अचानक ब्रेक लगने, मोड़ आने या सड़क पर झटका लगने की स्थिति में वह अपनी जगह से न खिसके? मालवाहक वाहन में सामान की सुरक्षित लोडिंग केवल वाहन मालिक की सुविधा का विषय नहीं है। यह सड़क पर चलने वाले हर व्यक्ति की सुरक्षा से जुड़ा मामला है। किसी कार, बाइक, ऑटो या स्कूल वैन के पीछे चल रहे लोगों को यह अंदाजा भी नहीं होता कि आगे चल रहे वाहन से अचानक कोई भारी सामान निकलकर उनकी ओर आ सकता है।

प्रशासन के सामने अब ये सवाल……..

इस हादसे को एक सामान्य सड़क दुर्घटना मानकर छोड़ देना पर्याप्त नहीं होगा। पुलिस और परिवहन विभाग को यह भी देखना चाहिए कि वाहन में लदे पाइप की लंबाई, वजन और लोडिंग का तरीका निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप था या नहीं। शहर में निर्माण सामग्री ढोने वाले वाहनों की नियमित जांच, सामान को मजबूती से बांधने की व्यवस्था, वाहन की गति और सुरक्षित दूरी जैसे पहलुओं पर निगरानी जरूरी है। खासतौर पर स्कूल खुलने और छुट्टी होने के समय बच्चों को ले जाने वाले वाहनों के आसपास इस तरह की लापरवाही गंभीर खतरा बन सकती है।